मैनी हंगरी में एफ-टू रेस में दूसरे स्थान पर रहे

मैनी हंगरी में एफ-टू रेस में दूसरे स्थान पर रहे

मैनी हंगरी में एफ-टू रेस में दूसरे स्थान पर रहे
Modified Date: July 26, 2026 / 08:07 pm IST
Published Date: July 26, 2026 8:07 pm IST

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) भारतीय रेसर कुश मैनी ने रविवार को हंगरी के हंगारोरिंग सर्किट पर आयोजित एफआईए फॉर्मूला-2 (एफ-टू) फीचर रेस में दूसरा स्थान हासिल किया।

यह 2026 सत्र में उनका तीसरा पोडियम फिनिश (शीर्ष तीन स्थान) रहा। ‘वर्चुअल सेफ्टी कार (वीएससी)’ के गलत समय पर लागू होने से उनकी जीत की संभावनाओं को झटका लगा।

एफ-टू के अपने चौथे सत्र में हिस्सा ले रहे मैनी ने सप्ताहांत की शानदार शुरुआत करते हुए शुक्रवार की क्वालीफाइंग में पोल पोजीशन हासिल की थी। इसके बाद शनिवार की स्प्रिंट रेस में रिवर्स-ग्रिड नियम के कारण उन्हें 10वें स्थान से शुरुआत करनी पड़ी। उन्होंने पहले ही लैप में पांच स्थानों की बढ़त बनाई और अंततः पांचवें स्थान पर रहते हुए चार चैम्पियनशिप अंक अर्जित किए।

रविवार की फीचर रेस में शीर्ष स्थान से शुरुआत करने वाले मैनी ने अधिकांश समय तक बढ़त बनाए रखी और अनिवार्य पिट स्टॉप विंडो से पहले लगभग पांच सेकंड की बढ़त भी बना ली थी।

पिट स्टॉप के दौरान वर्चुअल सेफ्टी कार लागू होने से उनकी बढ़त समाप्त हो गई और वह महज 0.8 सेकंड के अंतर से दूसरे स्थान पर रहे।

मैनी ने कहा, ‘कई बार आप सब कुछ सही करते हैं, लेकिन फिर भी सबसे बड़ी ट्रॉफी नहीं जीत पाते। जिस तरह हमने पूरे सप्ताहांत काम किया और प्रदर्शन किया, उससे मैं बेहद संतुष्ट हूं।’’

सबसे तेज लैप के लिए मिले अतिरिक्त एक अंक के साथ मैनी ने रविवार की रेस से कुल 19 अंक जुटाए, जबकि पूरे सप्ताहांत में उनके खाते में 25 अंक आए।

चार दौर के रेस शेष रहते मैनी ड्राइवर्स चैंपियनशिप में छठे स्थान पर हैं।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में