निशानेबाजी विश्व कप: दमदार प्रदर्शन के बावजूद ऐश्वर्य और नीरज पदक से चूके
निशानेबाजी विश्व कप: दमदार प्रदर्शन के बावजूद ऐश्वर्य और नीरज पदक से चूके
हांगझोउ, 26 जुलाई (भाषा) भारत के दो निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार रविवार को यहां आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल, पिस्टल, शॉटगन) में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने के बावजूद पदक जीतने में नाकाम रहे जिससे देश केवल एक रजत पदक के साथ तालिका में संयुक्त सातवें स्थान पर बना हुआ है।
भारतीय राइफल निशानेबाजों की किस्मत एक बार फिर उनका साथ नहीं दे सकी। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता ऐश्वर्य और एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता नीरज दोनों आठ निशानेबाजों के फाइनल में पहुंचे, लेकिन क्वालीफिकेशन में शानदार प्रदर्शन को पदक में नहीं बदल सके।
ऐश्वर्य ने 314.3 अंकों के साथ छठा स्थान हासिल किया जबकि नीरज 303.4 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे।
चीन के ओलंपिक चैंपियन झांग चांगहोंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 363 अंक के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। हंगरी के इस्तवान पेनी ने रजत और व्यक्तिगत तटस्थ खिलाड़ी मतवेई पोटापोव ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
क्वालीफिकेशन में नीरज ने दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 595 अंक हासिल किए। वह झांग के बराबर अंक पर रहे, लेकिन काउंटबैक के आधार पर दूसरे स्थान पर रहे।
ऐश्वर्य अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे, फिर भी उन्होंने 589 अंक जुटाकर आठवें स्थान के साथ फाइनल में जगह बना ली।
इस स्पर्धा में भारत के तीसरे निशानेबाज और पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने 587 अंक बनाए और 18वें स्थान पर रहे। वह फाइनल में जगह बनाने से काफी पीछे रह गए।
राइफल निशानेबाजों के पदक जीतने में असफल रहने के बाद अब भारत की उम्मीदें मुख्य रूप से महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा पर टिकी हैं।
एशियाई खेलों की कई बार पदक विजेता ईशा सिंह ने प्रिसीजन चरण में 293 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया और खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दो बार की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मनु भाकर 292 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। दोनों निशानेबाज सोमवार को होने वाले रैपिड फायर चरण के बाद फाइनल में जगह बनाने की मजबूत दावेदार हैं।
जकार्ता एशियाई खेल 2018 की स्वर्ण पदक विजेता अनुभवी राही सरनोबत ने 289 अंक बनाए। वह तीन अन्य निशानेबाजों के साथ संयुक्त 15वें स्थान पर हैं। उनके पास अब भी शीर्ष आठ में जगह बनाने का मौका है, लेकिन इसके लिए उन्हें रैपिड फायर चरण में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।
अब तक इस प्रतियोगिता में भारत का एकमात्र पदक संयम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर दिलाया है।
चीन ने प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखते हुए अब तक 13 पदक जीत लिए हैं जिनमें छह स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य शामिल हैं।
जर्मनी और अमेरिका एक-एक स्वर्ण और एक-एक रजत पदक के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।
वहीं भारत, जापान, स्पेन और हंगरी के साथ एकमात्र रजत पदक के दम पर संयुक्त सातवें स्थान पर बना हुआ है।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


