दा नांग (वियतनाम), 24 मई (भाषा) भारत का अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रविवार को शानदार प्रदर्शन जारी रहा जिसमें दूसरे दिन मानसी लाठेर, काजल और सुमित ने स्वर्ण पदक जीतकर दबदबा कायम रखा।
मानसी ने 68 किग्रा स्वर्ण पदक मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया और उज्बेकिस्तान की फिरूजा एसेनबाएवा को 14-1 से करारी शिकस्त दी।
काजल का 76 किग्रा फाइनल में प्रदर्शन भी शानदार रहा। उन्होंने किर्गिस्तान की आइझारकिन झानीबेकोवा को 10-0 से हराया।
वहीं ग्रीको-रोमन पहलवान सुमित ने 63 किग्रा वर्ग का खिताब जीता। उन्होंने उज्बेकिस्तान के ओजोदबेक खलीलबोएव को 12-2 से हराया।
इन तीन स्वर्ण पदक के अलावा भारतीय दल ने दो रजत और तीन कांस्य पदक भी जीते।
स्वीटी को वियतनाम की न्गोक एल से 5-7 से हार मिली और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
नेहा ने भी 59 किग्रा वर्ग फाइनल में जोरदार संघर्ष किया, लेकिन उज्बेकिस्तान की लायलोखोन सोबिरोवा से 5-9 से हार गईं। इसके साथ ही भारत को दिन का दूसरा रजत पदक मिला।
इस बीच अहिल्या एस शिंदे ने कांस्य पदक के प्लेऑफ मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने किर्गिस्तान की अरुके कादिरबेक किजी को 13-2 से करारी शिकस्त दी।
ग्रीको-रोमन वर्ग में नीरज पटेल ने 55 किग्रा वर्ग के मुकाबले में बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन किया। उन्होंने कजाकिस्तान के रऊआन बेकिमोव को 8-0 से हराकर आसानी से कांस्य पदक अपने नाम किया।
पदकों की संख्या में इजाफ़ा करते हुए रोहित बुरा ने 87 किग्रा वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने किर्गिस्तान के आर्टिकबेक अलीमबेक उलू को 9-0 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द