कभी नहीं सोचा था कि 100 टी20 खेलूंगा, अक्षर ने यह उपलब्धि साथियों, कोच और परिवार को समर्पित की

Ads

कभी नहीं सोचा था कि 100 टी20 खेलूंगा, अक्षर ने यह उपलब्धि साथियों, कोच और परिवार को समर्पित की

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 06:27 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 06:27 PM IST

ब्रिस्टल, नौ जुलाई (भाषा) भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह भारत के लिए 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने साथियों, कोचों और परिवार को दिया।

अक्षर ने 2015 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण से लेकर भारत के सबसे भरोसेमंद सीमित ओवरों के खिलाड़ियों में शामिल होने तक के अपने सफर को याद किया और कहा कि पिछले एक दशक में उन्होंने बहुत कुछ सीखा है।

इंग्लैंड दौरे के दौरान दूसरे टी20 मुकाबले में 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने वाले अक्षर बृहस्पतिवार को श्रृंखला के चौथे मैच में अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेंगे।

अक्षर ने ‘बीसीसीआई डॉट टीवी’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘जब मैंने पहली बार टी20 खेला था, तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं 100 मैच खेलूंगा। इंग्लैंड का यह दौरा मेरे लिए बहुत खास होगा क्योंकि दूसरे टी20 में मैंने अपने 100 विकेट पूरे किए और चौथे टी20 में मेरा 100वां मैच है। इसलिए यह मेरे लिए बहुत खास दिन है और मैं इस पल का सच में आनंद ले रहा हूं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह सच में बहुत अच्छा लगता है। असल में, जब एक खिलाड़ी के तौर पर आप कोई उपलब्धि हासिल करते हैं तो मुझे लगता है कि यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है, मैं इसे अकेले हासिल नहीं कर रहा हूं। आप जानते हैं कि मेरे साथ मेरे साथी खिलाड़ी, मेरे कोच, मेरा परिवार भी शामिल हैं। इसलिए मुझे लगता है कि मेरे इस सफर में सभी ने भूमिका निभाई है। ’’

अक्षर ने कहा, ‘‘जब आप शुरुआत करते हैं, जब आप पदार्पण करते हैं, तो वह अहसास बिल्कुल अलग होता है। तब आपको पता नहीं होता कि आप कितना कुछ हासिल करेंगे, लेकिन अब मैं अपना 100वां मैच खेलने जा रहा हूं और उस अहसास को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। अगर आप भारत के लिए एक भी मैच खेलते हैं, तो वह आपके लिए बहुत बड़ी बात होती है क्योंकि यह एक खिलाड़ी का सपना होता है। ’’

उन्होंने अपने करियर को उतार-चढ़ाव से भरा लेकिन सीख देने वाला सफर बताया।

अक्षर ने कहा, ‘‘जब आप इतने लंबे समय तक खेलते हैं, तो वह सफर जाहिर है ‘रोलर-कोस्टर’ जैसा होता है, कभी उतार तो कभी चढ़ाव। शुरुआत के पांच-छह साल में मैंने सिर्फ 15 या 16 मैच खेले और फिर 2021 से अब तक, मुझे लगता है कि मैं लगातार खेल रहा हूं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास पिछले दो टी20 विश्व कप हैं। हमने पहली बार 2024 में और दूसरी बार 2026 में जीत हासिल की, इसलिए जब आप अपना 100वां मैच खेलते हैं तो यह पूरी यात्रा और उससे जुड़ी सारी यादें एक साथ सामने आ जाती हैं। यही सबसे खास पल हैं। ’’

अक्षर के लिए व्यक्तिगत उपलब्धियां ज्यादा मायने नहीं रखते, और ये उपलब्धियां बस उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत का नतीजा हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उपलब्धियां मेरे लिए उतने मायने नहीं रखतीं, लेकिन हां, कभी-कभी अच्छा लगता है कि आप 100 टी20 विकेट ले रहे हैं। यह एक उपलब्धि है। हमने वर्षों तक जो कड़ी मेहनत की है और उसके बाद जब भी चीजें अच्छी या बुरी हुईं, हमने गलतियों से सीखा और इस बात पर ध्यान दिया कि हम कैसे बेहतर हो सकते हैं। मुझे लगता है कि हमने अपनी प्रक्रिया पर ध्यान दिया और हर दिन बेहतर होते गए। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर