मानुष उलटफेर का शिकार होने से बचे, सयाली अंतिम 64 में हारी

मानुष उलटफेर का शिकार होने से बचे, सयाली अंतिम 64 में हारी

मानुष उलटफेर का शिकार होने से बचे, सयाली अंतिम 64 में हारी
Modified Date: August 22, 2026 / 06:31 pm IST
Published Date: August 22, 2026 6:31 pm IST

कानपुर, 22 अगस्त (भाषा) शीर्ष वरीय मानुष शाह को यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के पुरुष एकल में शनिवार को यहां अंतिम 32 में जगह बनाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जबकि महिला एकल में कई बड़े उलटफेर देखने को मिले।

खिताब के प्रमुख दावेदारों में शामिल आरबीआई के मानुष को तमिलनाडु के एमआर बालमुरुगन ने कड़ी चुनौती दी। मानुष ने हालांकि 11-3, 11-3, 3-11, 7-11, 11-8 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

शुरुआती दो गेम आसानी से जीतने के बाद शीर्ष वरीय मानुष को बालमुरुगन की जोरदार वापसी का सामना करना पड़ा। बालमुरुगन ने लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया, लेकिन निर्णायक गेम में मानुष ने धैर्य बनाए रखा और बड़े उलटफेर से बच गए।

पुरुष वर्ग में बाकी 15 वरीय खिलाड़ियों को अंतिम 32 में पहुंचने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई, हालांकि कई मुकाबले पांच गेम तक चले।

महिला एकल में पुरुष वर्ग की तुलना में ज्यादा उलटफेर देखने को मिले। आठवीं वरीय पीएसपीबी की सयाली वाणी भी इसका शिकार बनीं। तमिलनाडु की काव्यश्री बास्कर ने दो गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए सयाली को 9-11, 8-11, 11-7, 11-6, 11-7 से शिकस्त दी।

पश्चिम बंगाल की दूसरी वरीय सिंड्रेला दास को भी अंतिम 32 में पहुंचने के लिए पसीना बहाना पड़ा। रेलवे की स्नेहा भौमिक ने उन्हें पांच गेम तक चुनौती दी, लेकिन महत्वपूर्ण मौकों पर सिंड्रेला ने संयम बरकरार रखते हुए 12-10, 8-11, 11-2, 7-11, 11-2 से जीत हासिल की।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में