ओलंपिक पदक विजेता केसी का एपीएल में पदार्पण
ओलंपिक पदक विजेता केसी का एपीएल में पदार्पण
हैदराबाद, 22 अगस्त (भाषा) पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता अमेरिका की केसी कॉफहोल्ड आठ अक्टूबर से हैदराबाद में शुरू होने वाले तीरंदाजी प्रीमियर लीग (एपीएल) के दूसरे सत्र में पदार्पण करेंगी। टूर्नामेंट में 12 विदेशी स्टार तीरंदाज हिस्सा लेंगे।
बीस वर्ष की उम्र में ओलंपिक पदक जीतने वाली कॉफहोल्ड उन चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सूची में शामिल होंगी, जिसमें तुर्की के ओलंपिक पदक विजेता मेटे गाजोज और मैक्सिको की एलेजांद्रा वेलेंसिया भी शामिल हैं। दोनों ने लीग के पहले सत्र में भी हिस्सा लिया था।
कॉफहोल्ड ने कहा, “15 सेकंड का ‘शॉट क्लॉक’ मेरे लिए नई चुनौती होगी, लेकिन मुझे ऐसे प्रारूप पसंद हैं, जिनमें हर शॉट के दौरान एकाग्रता, धैर्य और आत्मविश्वास की जरूरत होती है। दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ तीरंदाजों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और भारत के जुनूनी तीरंदाजी प्रशंसकों से जुड़ने को लेकर भी मैं उत्साहित हूं।”
विश्व नंबर दो और मौजूदा विश्व खेलों के चैंपियन माइक श्लॉसर तथा विश्व नंबर एक एंड्रिया बेसेरा भी एपीएल के पहले सत्र में हिस्सा लेने के बाद दूसरे सत्र में लौटेंगे।
पहले सत्र के स्टार खिलाड़ी और 2025 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता माथियास फुलर्टन भी वापसी करेंगे। उनके साथ मैक्सिको के 22 वर्षीय मातियास ग्रांडे और स्पेन की एलिया कानालेस भी 11 दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
एपीएल के निदेशक अनिल कामिनेनी ने कहा, “तीन ओलंपिक पदक विजेताओं समेत 12 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजों को एपीएल के दूसरे सत्र में लाना इस महत्वाकांक्षा को दर्शाता है कि भारत को वैश्विक तीरंदाजी कैलेंडर में एक महत्वपूर्ण गंतव्य बनाया जाए।”
कोलंबिया की विश्व नंबर तीन कंपाउंड तीरंदाज अलेजांद्रा उस्कियानो और ब्राजील के विश्व नंबर एक मार्कस डी’अल्मेडा भी हैदराबाद में एपीएल में पदार्पण करने वाले प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में शामिल हैं।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


