अश्विन और रहाणे की मौजूदगी से ईटीपीएल को फायदा होगा: केशव महाराज
अश्विन और रहाणे की मौजूदगी से ईटीपीएल को फायदा होगा: केशव महाराज
नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज ने कहा कि पूर्व भारतीय सितारों रविचंद्रन अश्विन और अजिंक्य रहाणे के यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) में खेलने से लीग की लोकप्रियता बढ़ेगी और ज्यादा दर्शक मैच देखने आएंगे।
महाराज इस पहली इटीपीएल में ग्लास्गो कॉस्मिक की ओर से खेलेंगे।
अश्विन डबलिन गार्डियंस और रहाणे एम्स्टर्डम फ्लेम्स के लिए खेलेंगे।
महाराज का मानना है कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को एक मंच पर लाकर लीग ने पहले ही एक मजबूत प्रतियोगिता तैयार कर ली है।
महाराज ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘‘इस लीग में अश्विन और रहाणे की मौजूदगी निश्चित रूप से महसूस होगी। इसका असर सिर्फ क्रिकेट के नजरिए से ही नहीं, बल्कि प्रशंसकों को मैच देखने के लिए आकर्षित करने में भी होगा। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि भारतीय क्रिकेटर प्रशंसकों के बीच बहुत लोकप्रिय हैं और मुझे लगता है कि यह लीग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शानदार आकर्षण है। ’’
महाराज ने दोनों भारतीय दिग्गजों की तारीफ करते हुए कहा कि मैदान पर उनके प्रदर्शन से कहीं आगे भी उनका प्रभाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अश्विन के खिलाफ और उनके साथ (राजस्थान रॉयल्स के लिए) खेलने का मौका मिला है। खेल के महान खिलाड़ियों में से एक के साथ खेलने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। ’’
रहाणे के बारे में महाराज ने कहा, ‘‘मेरे मन में अजिंक्य के लिए बहुत सम्मान है। मैं उनके खिलाफ खेल चुका हूं। वह बहुत बेहतरीन इंसान हैं। वह शानदार और प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं और उससे भी बढ़कर खेल के एक बेहतरीन नेतृत्वकर्ता हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने भारत की कप्तानी करते हुए ऑस्ट्रेलिया में सफल जीत दिलाई हैं, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत की सबसे यादगार जीत में से एक है। ’’
ईटीपीएल ने बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन जैसे फिल्मी सितारों को भी मालिक और सह-संस्थापक के रूप में आकर्षित किया है। वहीं ग्लास्गो कॉस्मिक के सह-मालिक विपुल अग्रवाल, तंशा बत्रा और ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज मैथ्यू हेडन हैं।
महाराज इस नयी लीग का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं। उनका मानना है कि यह उनके लिए अनजान परिस्थितियों में खुद को परखने और दुनिया के कुछ शीर्ष खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका है।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


