विश्व कप के पहले सप्ताह में कई गुमनाम खिलाड़ियों ने प्रभाव छोड़ा

Ads

विश्व कप के पहले सप्ताह में कई गुमनाम खिलाड़ियों ने प्रभाव छोड़ा

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 01:24 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 01:24 PM IST

टोरंटो, 18 जून (एपी) वे लियोनेल मेस्सी जैसे नहीं हैं, वे काइलियान एमबाप्पे जैसे नहीं हैं। वे एर्लिंग हालैंड या हैरी केन जैसे भी नहीं हैं।

विश्व कप में फुटबॉल के सबसे बड़े नाम ही सुर्खियां नहीं बटोर रहे हैं, कुछ ऐसे कुछ गुमनाम खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने टूर्नामेंट के पहले सप्ताह में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है।

इन खिलाड़ियों में केप वर्डे के गोलकीपर वोज़िन्हा भी शामिल हैं। स्पेन के खिलाफ पहले मैच में शानदार प्रदर्शन से उन्होंने दुनिया भर के फुटबाल प्रेमियों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। इससे इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या एक करोड़ 30 लाख तक पहुंच गई है।

क्यूरासाओ के लिवानो कोमेनेंसिया भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। उन्होंने विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाले सबसे छोटे देश की तरफ से पहला गोल किया। क्यूरासाओ के प्रशंसकों को शायद जर्मनी के हाथों अपनी टीम की 7-1 से मिली करारी हार याद न हो लेकिन उन्हें कोमेनेंसिया का गोल हमेशा याद रहेगा।

कतर के बौलेम खौखी ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। इस 35 वर्षीय सेंटर बैक को भले ही गोल का श्रेय नहीं मिलेगा, लेकिन उनकी बदौलत ही कतर ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ मैच ड्रॉ कराया। खौखी ने स्विस मिडफील्डर मिरो मुहेम के साथ मिलकर गेंद पर नियंत्रण बनाने के लिए छलांग लगाई। इस तरह से उन्होंने मुहेम को आत्मघाती गोल करने के लिए मजबूर किया।

बोस्निया और हर्जेगोविना के जोवो लुकिच ने कनाडा के खिलाफ शुरुआती मैच से पहले अपने देश के लिए कभी गोल नहीं किया था। कुछ खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण उन्हें इस मैच में खेलने का मौका मिला और वह गोल करने में सफल रहे।

न्यूजीलैंड के एलिजा जस्ट ने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया। ईरान के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ रहे मैच में उन्होंने दो गोल करके न्यूजीलैंड के लिए यह मैच यादगार बना दिया।

मिस्र के इमाम अशूर ने भी विश्व कप मैच में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना पहला गोल किया। उनके शानदार गोल से मिस्र ने यूरोपीय दिग्गज बेल्जियम को 1-1 से बराबरी पर रोका।

एपी पंत मोना

मोना