स्मृति हमेशा मुझे मैदान पर शांत रहने के लिए कहती है: शेफाली वर्मा

Ads

स्मृति हमेशा मुझे मैदान पर शांत रहने के लिए कहती है: शेफाली वर्मा

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 11:22 AM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 11:22 AM IST

लीड्स, 18 जून (भाषा) भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा कि मानसिक रूप से मजबूत रहने से उन्हें हाल के खराब प्रदर्शन से उबरने में मदद मिली और इसके साथ ही टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने भी सहज और शांत होकर खेलने में उनकी सहायता की।

अपने पहले महिला टी20 विश्व कप खिताब की कवायद में लगी भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रन से और दूसरे मैच में नीदरलैंड को 95 रन से हराया।

नीदरलैंड के खिलाफ शेफाली ने 38 गेंदों में 55 रन बनाकर लय में लौटने के संकेत दिए। उन्होंने मंधाना के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की जिससे भारत पांच विकेट पर 209 रन बनाने में सफल रहा।

शेफाली ने विश्व कप से पहले खेले गए द्विपक्षीय मैचों के संदर्भ में कहा, ‘‘इंग्लैंड के खिलाफ (द्विपक्षीय श्रृंखला में) हम अच्छी साझेदारियां नहीं कर पाए लेकिन हम आपस में इस संदर्भ में काफी बातचीत कर रहे थे और एक दूसरे का हौसला बढ़ा रहे थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। उसके बाद मैंने नेट पर काफी अभ्यास किया। मैंने जमीन पर शॉट खेलने की कोशिश की, मानसिक रूप से खुद को मजबूत बनाए रखने की कोशिश की और हमारी साझेदारी बहुत अच्छी रही।’’

इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने कहा कि बल्लेबाजी करते समय मंधाना को उन्हें ज्यादा निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ती।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें मुझे बहुत ज्यादा निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ती। वह बहुत समझदार है। मैं हर गेंद पर छक्का लगाने के बारे में सोचती हूं लेकिन वह मुझे शांत बनाए रखती है। वह कहती है कि मुझे अधिक शॉट जमीन पर खेलने होंगे।’’

शेफाली ने कहा, ‘‘सबसे अच्छी बात यह है कि जिन गेंदबाजों के सामने मैं खुलकर नहीं खेल पाती उन पर वह अच्छे शॉट खेलती है। हम दोनों जानते हैं कि जब कोई ऑफ-स्पिनर या बाएं हाथ का स्पिनर गेंदबाजी करने आता है तो स्ट्राइक किसे लेनी चाहिए। हम कई साल से साथ में खेलते आ रहे हैं और जानते हैं कि स्ट्राइक किसे देनी चाहिए।’’

भारत रविवार को मैनचेस्टर में ग्रुप ए के अपने तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा और शेफाली ने कहा कि टीम आगे की कड़ी चुनौतियों के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बल्लेबाज और गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच हमारे लिए कितना महत्वपूर्ण होगा। हम इसके लिए तैयार हैं।’’

भाषा

पंत

पंत