उम्रदराज और युवा खिलाड़ी दोनों ही आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं विश्व कप में

Ads

उम्रदराज और युवा खिलाड़ी दोनों ही आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं विश्व कप में

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 11:59 AM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 11:59 AM IST

न्यूयॉर्क, 18 जून (एपी) केप वर्डे के 40 वर्षीय गोलकीपर इस विश्व कप में स्टार बन गए हैं जबकि सेनेगल के एक किशोर ने टूर्नामेंट में अपने पहले ही मैच में गोल किया।

इस टूर्नामेंट में खेल रही 48 टीम में कुछ उम्रदराज तो कुछ युवा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जिन्होंने अब तक मिश्रित प्रदर्शन किया।

अगर उम्रदराज खिलाड़ियों की बात आती है तो सबसे पहला नाम 41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो का आता है। यह स्टार खिलाड़ी पहले मैच में गोल करने में नाकाम रहा जिससे उनकी टीम पुर्तगाल को कांगो के खिलाफ मैच 1-1 से ड्रॉ खेलना पड़ा।

40 वर्षीय लुका मोड्रिक ने क्रोएशिया को 2018 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाया था, लेकिन बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ उनकी शुरुआत खराब रही। उनके फाउल के कारण ही इंग्लैंड को पेनल्टी मिली जिसे हैरी केन ने गोल में बदला।

विश्व कप टीमों में कई गोलकीपर ऐसे हैं जिनकी उम्र 40 वर्ष है। इनमें जर्मनी के मैनुअल नेउर शायद सबसे प्रसिद्ध हैं, लेकिन अब केप वर्डे के वोज़िन्हा भी इस सूची में शामिल हो गए हैं। इस गुमनाम गोलकीपर ने स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर रोकने में अहम भूमिका निभाई।

लियोनेल मेस्सी 38 साल के हैं और काफी चुस्त-दुरुस्त हैं। वह अगले सप्ताह 39 साल के हो जाएंगे। उन्होंने अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक बनाकर अर्जेंटीना को पहले मैच में जीत दिलाई।

अगर सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों पर गौर करें तो मैक्सिको की दक्षिण अफ्रीका पर 2-0 से जीत के दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरे मैक्सिको के 17 वर्षीय मिडफील्डर गिलबर्टो मोरा का घरेलू दर्शकों ने जोरदार स्वागत किया। वह मौजूदा विश्व कप में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं।

सेनेगल के फॉरवर्ड इब्राहिम एमबाए ने पहली बार विश्व कप में खेलते हुए ही शानदार प्रदर्शन किया। फ्रांस में जन्में इस 18 वर्षीय के खिलाड़ी फ्रांस के खिलाफ 75वें मिनट में मैदान पर आकर गोल दागा।

मोरक्को के 18 वर्षीय अय्यूब बौआदी ने ब्राजील के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। मिस्र के 18 वर्षीय फॉरवर्ड हमजा अब्देलकरीम बेल्जियम के साथ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में 76वें मिनट में स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह की जगह स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर आए।

युवा प्रतिभाओं में सबसे होनहार खिलाड़ी स्पेन के लामिन यामल हैं, जो अगले महीने 19 साल के हो जाएंगे। वह मांसपेशियों में खिंचाव के बाद वापसी कर रहे हैं। उन्हें केप वर्डे के साथ ड्रॉ मैच में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतारा गया था।

एपी

पंत

पंत