मुंबई, छह अप्रैल (भाषा) मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने सोमवार को पूर्व भारतीय कप्तान और मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर के मार्गदर्शन में अपना हाई परफोर्मेंस शिविर शुरू किया।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की प्रतियोगिताओं में लगातार अच्छे प्रदर्शन के आधार पुरुष और महिला दोनों वर्गों से कुल 25-25 बेहतरीन खिलाड़ियों को इस तीन सप्ताह के गहन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए चुना गया है।
इस शिविर को उभरती हुई प्रतिभाओं को निखारने और मुंबई के क्रिकेट ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए आयोजित किया गया है।
इस पहल में पूर्व भारतीय क्रिकेटर नीलेश कुलकर्णी और समीर दिघे के विशेष कौशल आधारित प्रशिक्षण सत्र भी शामिल होंगे जिसमें खिलाड़ियों के खेल के विशिष्ट पहलुओं को बेहतर बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम किया जाएगा।
एमसीए ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैदान पर प्रशिक्षण के अलावा इस शिविर में एक व्यापक विकास कार्यक्रम भी शामिल है जिसमें खेल मनोवैज्ञानिकों, पोषण विशेषज्ञों, वित्तीय योजनाकारों और नींद प्रबंधन विशेषज्ञों द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों का उद्देश्य खिलाड़ियों को मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए जरूरी ज्ञान और साधन उपलब्ध कराना है।’’
यह हाई परफोर्मेंस शिविर क्रिकेट सुधार समिति (सीआईसी) और शीर्ष परिषद की एक पहल है जिसका उद्देश्य मुंबई के बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों को सहयोग देना और उन्हें उच्चतम स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने में मदद करना है।
यह शिविर आगामी ब्रिटेन दौरे के लिए प्रतिभाओं की पहचान करने का एक महत्वपूर्ण मंच भी साबित होगा जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम में जगह मिलेगी।
एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नाईक ने कहा, ‘‘एमसीए का हाई परफोर्मेंस शिविर मुंबई क्रिकेट के लिए एक मजबूत भविष्य बनाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अलग-अलग आयु वर्गों के बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एक साथ लाकर और उन्हें मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर हमारा उद्देश्य ऐसे हरफनमौला क्रिकेटर तैयार करना है जो अगले स्तर के लिए पूरी तरह तैयार हों।’’
भाषा सुधीर मोना
मोना