विश्व कप में वापसी के बादशाह भी बने मेस्सी और अर्जेंटीना

Ads

विश्व कप में वापसी के बादशाह भी बने मेस्सी और अर्जेंटीना

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 12:21 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 12:21 PM IST

अटलांटा, 16 जुलाई (एपी) लियोनेल मेस्सी और अर्जेंटीना ने मौजूदा विश्व कप में अंतिम मिनटों में वापसी करने का नया इतिहास रचकर दिखा दिया कि उनकी टीम कभी हार नहीं मानती।

अर्जेंटीना की टीम सेमीफाइनल में यहां इंग्लैंड के खिलाफ शुरू में पीछे चल रही थी लेकिन आखिर में वह 2-1 से विजयी रही। इस तरह से मौजूदा चैंपियन ने अंतिम क्षणों में नाटकीय वापसी करने की लंबी सूची में एक और अध्याय जोड़ दिया है। अब अर्जेंटीना रविवार को फाइनल में स्पेन से भिड़ेगा।

ग्रुप चरण में मेस्सी के शानदार प्रदर्शन से अर्जेंटीना ने अपने तीनों मैच जीते लेकिन नॉकआउट चरण में उसने प्रत्येक मैच में पिछड़ने के बाद वापसी की।

केप वर्दे के खिलाफ अर्जेंटीना एक समय पीछे चल रहा था। उसने अतिरिक्त समय में दो गोल करके जीत हासिल की। लिसैंड्रो मार्टिनेज ने 92वें मिनट में गोल करके अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद मेस्सी ने कॉर्नर किक से एक शानदार पास दिया जो 111वें मिनट में आत्मघाती गोल में तब्दील हो गया। इसी गोल ने अर्जेंटीना को 3-2 से जीत दिलाई।

मिस्र के खिलाफ अंतिम 16 के मैच में तो अर्जेंटीना का बाहर होना लगभग तय लग रहा था। मिस्र दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम से ठीक 11 मिनट पहले तक 2-0 से आगे था। लेकिन फिर टूर्नामेंट में सबसे रोमांचक वापसी देखने को मिली। क्रिस्टियन रोमेरो ने 79वें मिनट में गोल किया, मेस्सी ने चार मिनट बाद दूसरा गोल दागा और एन्ज़ो फर्नांडीज़ ने स्टॉपेज टाइम के दो मिनट बाद निर्णायक गोल दाग दिया।

स्विट्जरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी अर्जेंटीना को जीत हासिल करने के लिए अतिरिक्त समय तक जूझना पड़ा। जूलियन अल्वारेज़ ने 112वें मिनट में निर्णायक गोल दागा। इसके बाद अंतिम क्षणों में लोटारो मार्टिनेज़ ने गोल करके अर्जेंटीना की टीम को 3-1 की जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

और अब इंग्लैंड के खिलाफ फिर से उसने इसी तरह से वापसी की। अर्जेंटीना की अंतिम क्षणों में गोल करने की महारत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने अभी तक जो 19 गोल किए हैं उनमें से 11 गोल मैच के 79वें मिनट या उसके बाद किए हैं।

एपी

पंत

पंत