अटलांटा में दर्शकों ने अर्जेंटीना के लिए घर जैसा माहौल बनाया

Ads

अटलांटा में दर्शकों ने अर्जेंटीना के लिए घर जैसा माहौल बनाया

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 10:49 AM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 10:49 AM IST

अटलांटा, 16 जुलाई (एपी) अर्जेंटीना के प्रशंसक अपनी राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के प्रति उग्र और जोशीले समर्थन के लिए जाने जाते हैं तथा उनके इस जोश और जुनून ने अटलांटा में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए विश्व कप सेमीफाइनल में उनकी प्रिय टीम के लिए घर जैसा माहौल बना दिया।

यह ब्यूनस आयर्स नहीं था, लेकिन स्टेडियम अर्जेंटीना के समर्थकों से सटा पड़ा था। इनमें केवल अर्जेंटीना के निवासी ही नहीं थे, बल्कि उनकी टीम को चाहने वाले अन्य देशों के कई लोग भी शामिल थे। उन्होंने मैच के दौरान टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए गाने गाए, नारे लगाए और जोर-जोर से चिल्लाए।

और जब एंज़ो फर्नांडीज़ ने 85वें मिनट में लियोनेल मेस्सी की मदद से अर्जेंटीना के लिए बराबरी का गोल दागा, तो मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में सबसे ऊपरी मंजिल से नीचे तक पानी छलक गया।

इसके बाद कप और पानी की बोतलें उठाई गईं। शर्ट उतारकर हवा में लहराई गईं। इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 की जीत के काफी देर बाद भी अर्जेंटीना के प्रशंसक ऐसे जयकारे लगा रहे थे मानो यह घटना कुछ ही सेकंड पहले घटी हो।

मेस्सी, लाटेरो फर्नांडीज और अन्य खिलाड़ी अपनी कमीजें उतारकर मैदान के चारों ओर घूम रहे थे और प्रशंसक दिल खोलकर उनका अभिवादन कर रहे थे।

अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने कहा, ‘‘यह हमारे देश, हमारी जनता के लिए खुशी का पल है। हम सचमुच अद्वितीय हैं और यह अहंकार नहीं, बल्कि दिल से निकली बात है। हम अद्वितीय हैं। आज इन लोगों ने हमें मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई, इसलिए मैं उनका आभारी हूं।’’

ह्यूस्टन में रहने वाले और मैच देखने के लिए अटलांटा आए अर्जेंटीना के निवासी गैस्टन रेनोसो ने कहा कि प्रशंसकों की दीवानगी को आसानी से शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘इन प्रशंसकों के जुनून को शब्दों में बयां करना वाकई मुश्किल है। अगर आप अर्जेंटीना के रहने वाले हैं तो फुटबॉल आपके लिए धर्म की तरह होता है। यह एक ऐसा क्षण होता है जब लोग धर्म, राजनीति, सब कुछ भूल जाते हैं। हर कोई एकजुट हो जाता है। यही अर्जेंटीना है, इसके जैसा कुछ और नहीं।’’

एपी

पंत

पंत