मीरा आंद्रीवा ने रचा इतिहास, बनीं ग्रैंड स्लैम चैंपियन

मीरा आंद्रीवा ने रचा इतिहास, बनीं ग्रैंड स्लैम चैंपियन

मीरा आंद्रीवा ने रचा इतिहास, बनीं ग्रैंड स्लैम चैंपियन
Modified Date: June 6, 2026 / 08:47 pm IST
Published Date: June 6, 2026 8:47 pm IST

पेरिस, छह जून (एपी) रूस की टेनिस सनसनी मीरा आंद्रीवा ने शनिवार को यहां फ्रेंच ओपन महिला एकल के फाइनल में पोलैंड की माया च्वालिंस्का को 6-3, 6-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।

आंद्रीवा ने विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर काबिज खिलाड़ी के खिलाफ केवल 19 वर्ष की आयु में करियर का पहला ग्रैंड स्लैम जीतकर टेनिस जगत में नया अध्याय जोड़ दिया है।

यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि वह 1992 के बाद सबसे कम उम्र की महिला चैंपियन बनी हैं। यह रिकॉर्ड मोनिका सेलेस के नाम है जिन्होंने 18 वर्ष की आयु में फ्रेंच ओपन खिताब जीता था।

मैच के अंतिम क्षण में जब विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज आंद्रीवा ने बैकहैंड क्रॉस-कोर्ट विनर लगाकर मैच प्वाइंट हासिल किया तो वह भावुक होकर क्ले कोर्ट पर घुटनों के बल बैठ गईं और जीत का जश्न मनाया।

दूसरी ओर क्वालीफायर से फाइनल तक का सफर तय करने वाली च्वालिंस्का इतिहास रचने से चूक गईं। वह रोलां गैरो में खिताब जीतने वाली पहली क्वालीफायर खिलाड़ी बनने की कोशिश में थीं।

आंद्रीवा को टेनिस जगत ने पहली बार 2023 मैड्रिड ओपन में पहचान मिली थी, जब 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने डब्ल्यूटीए 1000 स्तर पर मुख्य ड्रॉ मैच जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ियों में जगह बनाई और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचीं।

यूक्रेन युद्ध के चलते रूस के खिलाड़ियों पर लगे प्रतिबंधों के कारण आंद्रीवा को तटस्थ खिलाड़ी के रूप में खेलना पड़ा और उन्हें अपने देश का झंडा उपयोग करने की अनुमति नहीं मिली।

सेमीफाइनल में उन्होंने यूक्रेन की खिलाड़ी मार्ता कोस्त्युक को हराया। इस मैच के बाद कोस्त्युक ने पारंपरिक खेल भावना के विपरीत उनसे हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।

कोर्ट फिलिप शात्रीये पर खेले गए इस फाइनल में मौसम मुख्यतः साफ रहा, लेकिन तेज हवा ने दोनों खिलाड़ियों के खेल को प्रभावित किया।

स्थानीय दर्शकों में पोलैंड समर्थकों की बड़ी मौजूदगी रही जिन्होंने च्वालिंस्का के समर्थन में झंडे लहराए और नारे लगाए। वहीं आंद्रीवा को सीमित समर्थन मिला।

वहीं पुरुष युगल के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त स्पेन की जोड़ी मार्सेल ग्रैनोलर्स और होरासियो जेबालोस ने हैरी हेलिओवारा और हेनरी पैटन को 6-4, 6-2 से हराकर अपना खिताब बरकरार रखा।

एपी आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में