मुंबई ने जम्मू कश्मीर को 35 रन से हराया, दिल्ली ने हैदराबाद के खिलाफ हासिल किये तीन अंक

मुंबई ने जम्मू कश्मीर को 35 रन से हराया, दिल्ली ने हैदराबाद के खिलाफ हासिल किये तीन अंक

मुंबई ने जम्मू कश्मीर को 35 रन से हराया, दिल्ली ने हैदराबाद के खिलाफ हासिल किये तीन अंक
Modified Date: October 18, 2025 / 06:31 pm IST
Published Date: October 18, 2025 6:31 pm IST

श्रीनगर, 18 अक्टूबर (भाषा) खब्बू स्पिनर शम्स मुलानी ने अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए सात विकेट झटके जिससे मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी के पहले दौर के रोमांचक मुकाबले में शनिवार को यहां मेजबान जम्मू कश्मीर की टीम को 35 रन से हरा दिया।

जीत के लिए 243 रन का पीछा कर रही जम्मू कश्मीर को आखिरी दिन 222 रन चाहिये थे लेकिन पहली पारी में बल्ले से 91 रन का योगदान देने वाले मुलानी ने दूसरी पारी में गेंद से कमाल करते हुए उनकी पारी में 64.4 ओवर में 207 रन पर समेट दिया। 

स्पिन गेंदबाजों की मददगार पिच पर उन्होंने 46 रन देकर सात विकेट लिये। यह 17वां मौका है जब इस अनुभवी गेंदबाज ने पारी में पांच या अधिक विकेट झटके। 

मेजबान टीम के लिए, सलामी बल्लेबाज कमरन इकबाल (56) और कप्तान पारस डोगरा (29) के साथ उनकी 53 रनों की साझेदारी ने एक समय उम्मीद जगाई थी जब स्कोर  दो विकेट पर  84 रन था।

 मुलानी ने हालांकि डोगरा को चलता किया और फिर ऑफ स्पिनर तनुश कोटियान ने आईपीएल विशेषज्ञ अब्दुल समद (15) का कैच अपनी गेंद पर पकड़ कर मैच का रुख मोड़ दिया। 

जम्मू कश्मीर की टीम इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

ग्रुप के अन्य मैच में दिल्ली ने कप्तान आयुष बडोनी के 73 रन पर छह विकेट और साथ स्पिनर अर्पित राणा के 23 रन पर तीन विकेट की मदद से हैदराबाद के खिलाफ ड्रॉ मैच से तीन अंक हासिल किये। 

दिन की शुरुआत सात विकेट पर 400 रन  से आगे करते हुए हैदराबाद की पारी 411 रन पर सिमटी।

पहली पारी में 118 रन की बढ़त लेने वाले दिल्ली ने दूसरी पारी में खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 138 रन बनाये।

भाषा आनन्द पंत

पंत


लेखक के बारे में