जयवर्धने ने माना, सूर्यवंशी और जायसवाल के तूफान में उड़ गया मुंबई

Ads

जयवर्धने ने माना, सूर्यवंशी और जायसवाल के तूफान में उड़ गया मुंबई

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 11:36 AM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 11:36 AM IST

गुवाहाटी, आठ अप्रैल (भाषा) मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने स्वीकार किया कि राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी के सामने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में उनकी टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने अपनी लाइन और लेंथ का सही इस्तेमाल नहीं किया और यहां तक ​​कि जसप्रीत बुमराह जैसा तेज गेंदबाज भी थोड़ी लेंथ से चूक गया।

बारिश से प्रभावित इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराया। जायसवाल और सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी से राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 11 ओवरों में तीन विकेट पर 150 बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम नौ विकेट पर 123 रन ही बना पाई।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत के साथ सत्र की शुरुआत करने वाले मुंबई इंडियंस की यह लगातार दूसरी हार थी।

जयवर्धने ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा और हमें इस पर काम करना होगा। हमने अपनी रणनीति तय की थी लेकिन हम उस पर अच्छी तरह से अमल नहीं कर पाए। ये खिलाड़ी (सूर्यवंशी और जायसवाल) बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। हमें खतरे का अहसास था, विशेषकर जब बारिश के कारण ओवरों की संख्या कम कर दी गई थी क्योंकि ऐसे में आपके पास शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करने की छूट होती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहले चार-पांच ओवर हमारे लिए महत्वपूर्ण थे। मुझे लगता है कि हम अपनी लेंथ और लाइन से भटक गए। उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।’’

जयवर्धने ने कहा कि बुमराह जैसे गेंदबाज को भी राजस्थान रॉयल्स के दोनों सलामी बल्लेबाजों के आक्रामक रवैये के सामने संघर्ष करना पड़ा, जिन्होंने मिलकर पहले पांच ओवरों में 80 रन बनाए। जायसवाल ने 32 गेंदों पर नाबाद 77 रन और सूर्यवंशी ने 14 गेंदों पर 39 रन बनाए।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम सभी पिछले साल से ही सूर्यवंशी की प्रतिभा के बारे में जानते थे। बुमराह शायद थोड़ी लेंथ चूक गए और उन्होंने (सूर्यवंशी) इसका फायदा उठाया। यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे वह अपने प्रदर्शन कैसे बेहतर करते हैं। लेकिन निश्चित रूप से उन्होंने हमारे गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।’’

जयवर्धने ने कहा, ‘‘ यह मत भूलिए कि जायसवाल की पारी अहम रही। पहले तीन ओवरों में उन्होंने जमकर रन बटोरे और आखिर तक टिके रहे।’’

भाषा

पंत

पंत