लंदन, 17 जून (एपी) विंबलडन के पूर्व सेमीफाइनलिस्ट लॉरेंजो मुसेटी ने इस ग्रासकोर्ट ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट के आगामी सत्र से अपना नाम वापस ले लिया है क्योंकि वह अब तक अपनी बाईं जांघ की चोट से पूरी तरह से नहीं उबर पाए हैं।
मुसेटी के हटने से इटली के उनके साथी खिलाड़ी मातेओ बेरेटिनी के लिए मुख्य ड्रॉ में जगह बन गई है। बेरेटिनी 2021 में विंबलडन के फाइनल में पहुंचे थे और हाल ही में फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में खेले थे।
मई में इटैलियन ओपन के दौरान लगी चोट के कारण मुसेटी को फ्रेंच ओपन से भी हटना पड़ा था।
दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी मुसेटी ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर कहा, ‘‘रिहैबिलिटेशन बहुत अच्छा चल रहा है और मेडिकल नतीजे भी अच्छे हैं। दुर्भाग्य से मैं अभी तक पूरी ट्रेनिंग शुरू नहीं कर पाया हूं। अच्छी तरह सोचने-समझने के बाद हमने यह मुश्किल फैसला किया है कि मैं इस साल विंबलडन में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह फैसला करना आसान नहीं था लेकिन यही सही फैसला है। मेरी प्राथमिकता पूरी तरह से फिट होकर कोर्ट पर वापसी करना है।’’
मुसेटी 2024 में ऑल इंग्लैंड क्लब में सेमीफाइनल तक पहुंचे थे जहां वह नोवाक जोकोविच से हार गए थे।
बेरेटिनी की रैंकिंग अभी 49 है लेकिन जब विंबलडन में प्रवेश की सूची बनी थी तब वह शीर्ष 100 से बाहर थे।
विंबलडन 29 जून से शुरू हो रहा है।
एपी सुधीर नमिता
नमिता