मुल्लांपुर, नौ अप्रैल (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद ने युवा नीतिश कुमार रेड्डी की 37 गेंद में संयम से खेली गयी 64 रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ नौ विकेट पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
पंजाब किंग्स के लिए बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 29 रन देकर चार विकेट अपनी झोली में डाले।
हर्षल पटेल और सैम करन ने दो दो विकेट झटके जबकि कागिसो रबाडा को एक विकेट मिला। फिर भी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने में कामयाब रही।
नीतिश ने अपनी पारी के दौरान चार चौके और पांच छक्के जड़े। उनके अलावा अब्दुल समद ने 12 गेंद में 25 रन और ट्रेविस हेड ने 15 गेंद में 21 रन का योगदान दिया। जयदेव उनादकट ने पारी की अंतिम गेंद का सामना करते हुए छक्का जड़ा।
मैच की शुरूआत अजीब रही क्योंकि हेड पहली ही गेंद पर आउट हो जाते लेकिन रबाडा सुनिश्चित नहीं थे कि गेंद उनके बल्ले से लगी थी या नहीं। विकेटकीपर जितेश शर्मा ने हालांकि रिव्यू के लिए कहा लेकिन रबाडा की वजह से पंजाब किंग्स ने रिव्यू नहीं लिया।
हालांकि रिप्ले में साफ दिख रहा था कि गेंद ने बल्ले को छूकर गयी थी। हेड ने फिर तीसरे ओवर में रबाडा पर लगातार तीन चौके जड़ दिये जिससे इस ओवर में 16 रन जुड़े।
इस जीवनदान का हेड हालांकि फायदा नहीं उठा सके और अर्शदीप की गेंद पर पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने पीठे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच लपककर उनकी पारी समाप्त की।
पंजाब किंग्स के लिए यह बड़ा विकेट था और दो गेंद बाद ऐडन मार्कराम खाता खोले बिना पवेलियन पहुंच गये जिनका कैच विकेटकीपर ने लपका। अर्शदीप ने इस ओवर में दो विकेट झटक लिये।
अभिषेक वर्मा ने सैम करन पर छक्का और चौका लगाया लेकिन वह इंग्लैंड के इस आल राउंडर की अगली गेंद पर एक और बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में शशांक सिंह को कैच देकर आउट हो गये जिससे सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर पांचवें ओवर में तीन विकेट पर 39 रन हो गया।
पंजाब किंग्स के गेंदबाजों के दबदबे से पावरप्ले में टीम तीन विकेट गंवाकर 40 रन ही बना सकी। इससे सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी योजना में बदलाव करते हुए राहुल त्रिपाठी को ‘इम्पैक्ट’ खिलाड़ी के तौर पर उतारा जो हेड की जगह आये।
त्रिपाठी (14 गेंद में 11 रन) और हेनरिक क्लासेन (नौ गेंद में नौ रन) हालांकि कोई कमाल नहीं दिखा सके।
अब टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नीतिश कुमार रेड्डी पर थी। इस युवा खिलाड़ी ने भी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए हरप्रीत बरार के ओवर में 22 रन जड़ दिये और समद के साथ तेजी से 20 गेंद में 50 रन की साझेदारी निभायी।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर