प्रो लीग और विश्व कप में भारत को टक्कर देने के लिए तैयार: पाकिस्तान हॉकी कप्तान बट

Ads

प्रो लीग और विश्व कप में भारत को टक्कर देने के लिए तैयार: पाकिस्तान हॉकी कप्तान बट

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 06:32 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 06:32 PM IST

लाहौर, 18 मई (भाषा) पाकिस्तान पुरुष हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट आगामी एफआईएच प्रो लीग और बेल्जियम एवं नीदरलैंड में होने वाले 2026 हॉकी विश्व कप में चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत का सामना करने के लिए तैयार हैं।

भारतीय हॉकी टीम को एक कठिन प्रतिद्वंद्वी मानते हुए बट ने कहा कि पाकिस्तान इस बार अपने चिर-प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, “हम पिछले काफी समय से भारत के खिलाफ अच्छे नतीजे नहीं दे पाए हैं, इसलिए इस बार हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं। अगर हम उन्हें हराने में सफल होते हैं तो इससे टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।”

भारत और पाकिस्तान की टीमें एफआईएच प्रो लीग के चौथे चरण में 23 और 28 जून को इंग्लैंड में दो बार आमने-सामने होंगी। इसके बाद दोनों टीमें 19 अगस्त को हॉकी विश्व कप में भी भिड़ेंगी।

बट ने कहा, “भारत एक बेहद मजबूत प्रतिद्वंद्वी है और उनके खिलाफ मैच हमेशा बेहद प्रतिस्पर्धी होते हैं। पाकिस्तान की टीम भी मजबूत है और हम भारत के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।”

पाकिस्तान ने आठ साल के लंबे इंतजार के बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है। बेल्जियम और नीदरलैंड की सह-मेजबानी में विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक होगा।

चार बार के चैंपियन पाकिस्तान सहित सोलह टीमों को चार पूलों में विभाजित किया गया है।

पूल ए में नीदरलैंड, जापान, अर्जेंटीना और न्यूजीलैंड शामिल हैं। पूल बी में बेल्जियम, मौजूदा चैंपियन जर्मनी, फ्रांस और मलेशिया हैं। पूल सी में ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, आयरलैंड और दक्षिण अफ्रीका हैं, जबकि पूल डी में भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड और वेल्स शामिल हैं।

बट ने बताया कि टीम दोनों बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी के लिए लगातार प्रशिक्षण शिविर में मेहनत कर रही है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि प्रो लीग के पिछले आठ मैचों में हुई गलतियों को सुधारने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “हम प्रो लीग के पिछले आठ मैचों में हुई गलतियों को सुधारने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमारे आक्रमण, शॉर्ट कॉर्नर और समग्र फिटनेस में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कोच मंजूर-उल-हसन सीनियर के मार्गदर्शन में हम अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं।”

भाषा

आनन्द मोना

मोना