कराची, 27 अगस्त (भाषा) पूर्व टेस्ट कप्तान मोइन खान को लगता है कि अगर उनकी राष्ट्रीय टीम का प्रदर्शन इसी तरह से खराब रहा तो पाकिस्तान को दुनिया की शीर्ष टीमों के साथ द्विपक्षीय श्रृंखला आयोजित करने में मुश्किल हो सकती है।
पाकिस्तान के लिए 69 टेस्ट और 219 वनडे खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज ने मौजूदा हालात के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और उसके चयनकर्ताओं को दोषी ठहराया।
मोइन ने एक पॉडकास्ट में कहा, ‘‘हम सभी प्रारूपों विशेष कर टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष कर रहे हैं। अगर यह प्रवृत्ति जारी रही तो लोग पाकिस्तान क्रिकेट में दिलचस्पी लेना बंद कर देंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हो सकता है कि हमें क्रिकेट जगत के निचले हिस्से में धकेल दिया जाए और फिर हमारे लिए शीर्ष टीमों के साथ द्विपक्षीय श्रृंखलाएं खेलना मुश्किल हो जाए।’’
मोइन ने कहा, ‘‘इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड जिम्मेदार है जो क्रिकेट प्रणाली में लगातार बदलाव कर रहा है। कोच, कप्तान और खिलाड़ियों को लगातार बदला जा रहा है। इसके अलावा राष्ट्रीय चयन समिति के फैसले भी अस्पष्ट हैं।’’
भाषा पंत नमिता
नमिता