पंकज आडवाणी को हेबॉल विश्व चैंपियनशिप में वाइल्ड कार्ड

पंकज आडवाणी को हेबॉल विश्व चैंपियनशिप में वाइल्ड कार्ड

पंकज आडवाणी को हेबॉल विश्व चैंपियनशिप में वाइल्ड कार्ड
Modified Date: August 11, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: August 11, 2026 9:16 pm IST

पुणे, 11 अगस्त (भाषा): दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी को 12 से 15 अगस्त तक यहां होने वाली तीसरी हेबॉल विश्व चैंपियनशिप के लिए वाइल्ड कार्ड से प्रवेश दिया गया है। इस प्रतियोगिता में दुनिया के शीर्ष पुरुष और महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

पहले चाइनीज 8-बॉल के नाम से जानी जाने वाली हेबॉल एक क्यू खेल है जिसमें अमेरिकन 8-बॉल पूल में इस्तेमाल होने वाली गेंदों के साथ स्नूकर टेबल के अपेक्षाकृत छोटे और गोल पॉकेट का इस्तेमाल किया जाता है।

इस टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि चार लाख डॉलर है और इसमें पुरुष तथा महिला वर्ग में 64-64 सहित कुल 128 खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के शीर्ष 10 में शामिल छह और महिला वर्ग की शीर्ष 10 में शामिल आठ खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।

आयोजकों ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘रणनीति और भावनाओं के मेल वाले फैसले के तहत भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (बीएसएफआई) ने स्वतंत्र भारत के किसी भी खेल में पहले विश्व चैंपियन विल्सन जोन्स के जन्मस्थान को इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए चुना है। यह आयोजन महासंघ के शताब्दी समारोह का हिस्सा है।’’

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जैक व्हेलन और गैरेथ पॉट्स के अलावा बेल्जियम की शीर्ष रैंकिंग वाली महिला खिलाड़ी वेंडी जेन्स और मौजूदा चैंपियन केली फिशर प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षण होंगे।

आडवाणी सहित कुल 15 भारतीय खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। कुछ खिलाड़ियों के नाम वापस लेने के बाद आडवाणी को वाइल्ड कार्ड दिया गया है।

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले अन्य भारतीयों में पिछली बार ऑस्ट्रेलिया में कांस्य पदक जीतने वाली अमी कमानी, राष्ट्रमंडल बिलियर्ड्स चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता विद्या पिल्लई, विश्व जूनियर कांस्य पदक विजेता नताशा चेतन, आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियन अनूपमा रामचंद्रन और तीन साल के अंतराल के बाद सर्किट में वापसी कर रही वर्षा संजीव शामिल हैं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में