कोयंबटूर, एक नवंबर (भाषा) प्रदोष रंजन पॉल (113 रन) ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक और शतक जड़ दिया जिससे तमिलनाडु ने शनिवार को यहां विदर्भ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच के पहले दिन स्टंप तक चार विकेट गंवाकर 252 रन बनाये ।
पॉल ने पिछले दौर के मैच में नगालैंड के खिलाफ करियर का सर्वश्रेष्ठ दोहरा शतक बनाया था। उन्होंने 13 चौकों की मदद से 113 रन बनाए जबकि बाबा इंद्रजीत 94 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
तमिलनाडु ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद उसकी शुरूआत खराब रही। टीम ने 18 रन पर सलामी बल्लेबाज विमल कुमार (02) और आतिश एसआर (03) के रूप में दो विकेट गंवा दिए थे।
पॉल ने फिर एंड्रयू सिद्धार्थ सी के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन सिद्धार्थ सी 30वें ओवर में अक्षण कर्णेवर का शिकार हो गए।
फिर पॉल ने इंद्रजीत के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 179 रन की भागीदारी निभाई। पर पॉल 87वें ओवर में नचिकेत भुते की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। स्टंप तक शाहरूख खान दूसरे छोर पर इंद्रजीत के साथ मौजूद थे।
कटक में अभिषेक रेड्डी (76) और श्रीकर भरत (93) के शानदार अर्धशतकों की मदद से आंध्र ने ओडिशा के खिलाफ पहले दिन तीन विकेट पर 222 रन बना लिए।
आंध्र ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज रेड्डी और भरत ने पहले विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी करके ठोस शुरुआत कराई। बादल बिस्वाल ने इस भागीदारी को तोड़ा।
फिर संबित एस बराल (32 रन देकर दो विकेट) ने 55वें ओवर की लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। उन्होंने रेड्डी को और कप्तान रिकी भुई को आउट करके आंध्र का स्कोर तीन विकेट 186 रन कर दिया।
स्टंप तक शेख रशीद (25) और किर्दंत करण शिंदे (16) क्रीज पर मौजूद थे।
रांची में खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया जिसमें नगालैंड ने मौसम से प्रभावित पहले दिन 31 ओवर में झारखंड का स्कोर दो विकेट पर 91 रन कर दिया। सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन (42) और विराट सिंह (16) क्रीज पर मौजूद हैं। शरणदीप सिंह (22) और कुमार सूरज (9) के रूप में दो विकेट गिरे।
वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में बारिश के कारण आउटफील्ड गीली होने के कारण पहले दिन का खेल नहीं हो सका।
भाषा नमिता मोना
मोना