लाहौर, एक अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यहां एक टीम होटल में सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन होने के बाद पाकिस्तान सुपर लीग की सभी टीम को ताजा दिशा निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि आइंदा किसी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जायेगा ।
लाहौर कलंदर्स के लिये खेल रहे जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह अपने परिजनों से टीम होटल में मिलने की अनुमति देने के लिये पीसीबी के शुक्रगुजार है । इसके बाद पीसीबी ने सभी आठ टीमों और अन्य अधिकारियों को ईमेल भेजा ।
पीसीबी ने ईमेल में कहा कि कोई भी खिलाड़ी या अधिकारी कम से कम 24 घंटे पहले बोर्ड से अनुमति लिये बिना टीम होटल में किसी परिजन से नहीं मिल सकता ।
सूत्र ने बताया कि बोर्ड ने आगे स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों के लिये उनके परिजनों से मुलाकात के लिये टीम होटल में कोई जगह तय की जायेगी ।
सूत्र ने कहा ,‘‘ बोर्ड ने साफ तौर पर कहा कि खिलाड़ी की पत्नी, माता पिता, भाई या बहन ही उनके कमरे के भीतर जा सकते हैं और वह भी बोर्ड से 24 घंटे पहले अनुमति लेने के बाद ।’’
भाषा मोना सुधीर
सुधीर