प्राची गायकवाड़ ने थ्री पोजीशन्स राइफल में स्वर्ण पदक जीता

प्राची गायकवाड़ ने थ्री पोजीशन्स राइफल में स्वर्ण पदक जीता

प्राची गायकवाड़ ने थ्री पोजीशन्स राइफल में स्वर्ण पदक जीता
Modified Date: April 23, 2026 / 08:59 pm IST
Published Date: April 23, 2026 8:59 pm IST

काहिरा, 23 अप्रैल (भाषा) भारत की प्राची गायकवाड़ ने बृहस्पतिवार को यहां महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स में स्वर्ण पदक जीता जबकि नारायण प्रणव ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक हासिल किया जिससे यहां चल रहे आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में भारत का पदक तालिका में दबदबा कायम रहा।

यह इस प्रतियोगिता में भारत का दूसरा स्वर्ण है। इससे पूर्व पहले दिन पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में शिव नरवाल ने स्वर्ण जीता था। इसके साथ ही भारत के कुल पदक की संख्या नौ हो गई है जिसमें दो स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।

प्राची ने फाइनल में 354.6 का स्कोर किया और व्यक्तिगत तटस्थ खिलाड़ी (एआईएन) डार्या चुप्रिस को पीछे छोड़ा जिन्होंने 354.4 का स्कोर बनाया। एक अन्य एआईएन निशानेबाज एलेना क्रेटिनिना ने 343.3 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

इस बीच, नारायण ने अपनी स्पर्धा में 229.5 के फाइनल स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

प्राची थ्री पोजीशन्स फाइनल में पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय थीं। उन्होंने 578 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर क्वालीफाई किया था। पदक दौर में नीलिंग पोजीशन में पहले 10 शॉट के बाद वह पांचवें स्थान पर थी।

प्रोन राउंड में शानदार प्रदर्शन के बाद वह दूसरे स्थान पर पहुंच गईं और उस समय शीर्ष पर चल रही डार्या से सिर्फ 0.6 अंक पीछे थीं।

इसके बाद स्टैंडिंग के शुरुआती पांच शॉट में 50 से अधिक का स्कोर करके भारतीय निशानेबाज पहली बार बढ़त बनाने में कामयाब रहीं लेकिन डार्या ने अगली सीरीज में 51.0 का स्कोर करके पलटवार किया।

इस बीच कुछ निशाने 10 अंक से चूकने के कारण प्राची कुछ समय के लिए तीसरे स्थान पर खिसक गईं जिससे पांच शॉट बाकी रहते हुए मुकाबला काफी रोमांचक हो गया।

प्राची ने हालांकि धैर्य नहीं खोजा चार बार 10 अंक के रिंग पर निशाना लगाया और डार्या को सिर्फ 0.2 अंक के मामूली अंतर से पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता।

जूनियर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में तीन भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई। क्वालीफाइंग में नारायण 630.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अभिनव शॉ 630.0 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे जबकि दिव्यांशु देवांगन ने 626.8 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया।

फाइनल में दिव्यांशु सबसे पहले बाहर होने वाले खिलाड़ी बने। उनका 24 शॉट के फाइनल में 12 शॉट के बाद स्कोर 122.4 था और वह आठवें स्थान पर रहे।

इसके बाद अभिनव भी दौड़ से बाहर हो गए। नारायण ने कांस्य पदक जीता। वह 22वें शॉट के बाद साइप्रस के एचिलियास सोफोक्लियस से केवल 0.4 अंक से पीछे रह गए।

उज्बेकिस्तान के जावोहिर सोखिबोव ने 251.2 अंक के साथ आसानी से स्वर्ण पदक जीत लिया। वह सोफोक्लियस से एक अंक आगे रहे।

इस बीच वंशिका चौधरी, सेजल कांबले और कनक ने भी जूनियर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने क्रमशः 579, 577 और 576 अंक हासिल किए जिससे वे तालिका में शीर्ष तीन स्थानों पर रहीं।

फाइनल आज ही खेला जाएगा

भाषा सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में