कोरिया ओपन में भारत की चुनौती पेश करेंगे प्रणय, आयुष

Ads

कोरिया ओपन में भारत की चुनौती पेश करेंगे प्रणय, आयुष

  •  
  • Publish Date - September 22, 2025 / 04:41 PM IST,
    Updated On - September 22, 2025 / 04:41 PM IST

सुवोन (कोरिया), 22 सितंबर (भाषा) इस सत्र में लय हासिल करने के लिये जूझ रहे एच एस प्रणय और उदीयमान सितारे आयुष शेट्टी मंगलवार से यहां शुरू हो रहे कोरिया ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगे ।

हांगकांग और चाइना मास्टर्स में फाइनल तक पहुंचे सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे ।

विश्व चैम्पियनशिप 2023 के कांस्य पदक विजेता प्रणय इस सत्र में कई टूर्नामेंटों के शुरूआती दौर से ही बाहर हो गए थे । वह यहां एक क्वालीफायर के खिलाफ शुरूआत करेंगे और दूसरे दौर में चीनी ताइपै के चोउ तियेन चेन से खेल सकते हैं ।

इस सत्र में बीडब्ल्यूएफ खिताब जीतने वाले एकमात्र भारतीय यूएस ओपन विजेत 22 वर्ष के आयुष का सामना पहले दौर में चीनी ताइपै के सू लि यांग से होगा ।

किरण जॉर्ज को पहले दौर में सिंगापुर के लोह कीन यू के रूप में कठिन चुनौती मिली है।

महिला एकल में अनुपमा उपाध्याय का सामना इंडोनेशिया की चौथी वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुम वरदानी से होगा ।

युगल में मोहित जगलान और लक्षिता जगलान की टक्कर जापान के यूइची शिमोगामी और सयाका होबारा से होगी ।

भाषा मोना आनन्द

आनन्द