बहराइच (उप्र), 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के भीतर सोमवार को लकड़ी लेने गयी एक महिला की बाघ के हमले में मौत हो गई।
कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने सोमवार को ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि अभयारण्य के अंतर्गत अमृतपुर गांव निवासी रीता गौतम (48) सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जंगल के किनारे लकड़ी लेने गई थी, तभी एक बाघ ने उसपर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
डीएफओ ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मौके पर जंगल के भीतर जलावन की लकड़ी के कई ढेर एवं पानी की बोतलें मिलने से यह पुष्टि हुई कि जंगल के भीतर कई महिलाएं लकड़ी बीन रही थीं।
उन्होंने बताया कि मौके पर मिले पदचिह्न से मादा बाघ के हमले में महिला की मौत की संभावना जताई जा रही है।
डीएफओ ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भाषा सं. सलीम सुरेश
सुरेश