प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में भारत चमका

प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में भारत चमका

प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में भारत चमका
Modified Date: March 11, 2026 / 10:00 pm IST
Published Date: March 11, 2026 10:00 pm IST

नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) भारत के ऊंची कूद के स्टार एथलीट प्रवीण कुमार ने बुधवार को यहां विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री के पहले दिन अपनी स्पर्धा में दबदबा बनाते हुए एक और स्वर्ण पदक जीता जिससे मेजबान टीम ने कई पदक अपने नाम किए।

पेरिस पैरालिंपिक 2024 के स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण ने पुरुषों की टी44 ऊंची कूद में दबदबा बनाया और 1.96 मीटर की छलांग लगाकर शीर्ष पोडियम स्थान हासिल किया। साथी भारतीय उन्नी रेणु (1.86 मीटर) और बंती (1.83 मीटर) ने इस स्पर्धा में क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता जिसमें भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा और विदेशी खिलाड़ी सीमित थे।

शैलेश कुमार ने पुरुषों की टी42 ऊंची कूद में 1.84 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता जबकि रामसिंहभाई गोव पढियार (1.65 मीटर) और लोकेश मंत्रा (1.60 मीटर) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता, जिससे भारत ने इस स्पर्धा में क्लीन स्वीप किया।

महिलाओं की 100 मीटर टी35-टी37 स्पर्धा में पेरिस खेलों में दो बार कांस्य पदक जीतने वाली प्रीति पाल ने 14.46 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता जिससे मार्गरीटा माटेवा (16.25) दूसरे नंबर पर आ गईं जबकि करीना माचुलस्काया ने 17.38 सेकंड में कांस्य पदक जीता।

यह प्रीति पाल का एक साल से भी कम समय में दूसरा बड़ा पदक है। इससे पहले उन्होंने पिछले साल इसी जगह पर विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।

पुरुषों की चक्का फेंक एफ11-एफ12 स्पर्धा में मोनू ने 34.30 मीटर के थ्रो से स्वर्ण जीता जबकि प्रवीण शर्मा ने 32.96 मीटर से रजत जीता और संजय रेड्डी नीलम ने 30.15 मीटर से कांस्य पदक जीता जिससे भारत ने एक और पोडियम स्वीप किया।

पुरुषों के चक्का फेंक एफ37 स्पर्धा में भी भारतीय एथलीट छाए रहे, जहां हैनी ने 59.95 मीटर के थ्रो से स्वर्ण जीता जबकि ऋषि राज राठौर ने 46.25 मीटर से रजत और भाविशय ने 45.35 मीटर से कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की 1500 मीटर टी11-टी12 स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक जीते जिसमें सौम्या ने 5:18.94 के समय के साथ स्वर्ण, रक्षिता राजू ने 5:28.30 से रजत और राधा वेंकटेश ने 5:25.48 के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की गोला फेंक एफ33-एफ34 स्पर्धा में गैलिना लिपाटनिकोवा ने 7.39 मीटर के थ्रो से स्वर्ण जीता जबकि हमवतन वेरा इसाकोवा ने 6.11 मीटर के साथ रजत पदक जीता। भारत की दीपिका रानी ने 5.05 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की गोला फेंक एफ56 स्पर्धा में पूनम ने 6.85 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण जीता। उनके बाद बोस्निया और हर्जेगोविना की जेल्जका सैंडर्क ने 6.16 मीटर के साथ रजत जीता जबकि भारत की विजयश्री कुमार ने 4.69 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

भारत ने पुरुषों की 1500 मीटर टी11 में फिर से पोडियम पर कब्जा किया जिसमें अंकुर धामा ने 4:38.15 के समय के साथ स्वर्ण जीता। केशवमूर्ति ने 4:41.91 के साथ रजत जीता और रविकुमार बैंकलागी ने 5:41.80 के साथ कांस्य जीता।

पुरुषों की 1500 मीटर टी20 स्पर्धा में रूस के व्लादिलेन वोलोशिन ने 3:56.01 के समय के साथ स्वर्ण जीता। उनके बाद रूस के किरिल किरिकोव ने 4:08.07 के साथ रजत जीता जबकि भारत के भूषण ने 4:31.98 के साथ कांस्य जीता।

राकेशभाई भट्ट ने पुरुषों की 100मीटर टी36-टी37-टी38 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि रूस के व्लादिस्लाव कोस्टिन ने रजत पदक जीता। सर्बिया के डार्को मारिसावल्जेविक ने पुरुषों की 1500 मीटर टी12-टी13 में स्वर्ण पदक जीता जबकि भारत के शरथ मकानहली ने रजत और सौरभ शर्मा ने कांस्य पदक जीता।

भारत ने पुरुषों के 1500 मीटर टी37-टी46 स्पर्धा में भी अपना दबदबा बनाया जिसमें रमन शर्मा ने स्वर्ण, शरवन ने रजत और राकेश भारिया ने कांस्य पदक जीता।

सत्र के दूसरे चरण की ग्रां प्री में आठ देशों के कुल 257 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं जिसमें भारत ने 219 एथलीट उतारे हैं।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में