एशियाड की तैयारी: सभी चयनित भारतीय एथलीट 10 सितंबर को दिल्ली में एक-दिवसीय प्रतियोगिता में उतरेंगे

Ads

एशियाड की तैयारी: सभी चयनित भारतीय एथलीट 10 सितंबर को दिल्ली में एक-दिवसीय प्रतियोगिता में उतरेंगे

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 08:58 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 08:58 PM IST

नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) एशियाई खेलों के लिए चयनित होने वाले सभी भारतीय ट्रैक एंव फील्ड एथलीट 10 सितंबर को दिल्ली में होने वाले एक दिवसीय मुकाबले में हिस्सा लेंगे।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह प्रतियोगिता भारतीय एथलेटिक्स सीरीज के अंतिम चरण के रूप में आयोजित की जाएगी। एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा जबकि भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

एएफआई के अनुसार अंतिम चरण के लिए खिलाड़ियों का चयन उनकी रैंकिंग के आधार पर आमंत्रण के जरिए किया जाएगा। पहले यह प्रतियोगिता 12 सितंबर को होनी थी, लेकिन अब इसे 10 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।

एएफआई अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू ने कहा, ‘‘जापान एशियाई खेलों के लिए चयनित सभी खिलाड़ी भी इस अंतिम चरण में हिस्सा लेंगे। ’’

भारतीय एथलेटिक्स सीरीज के बाकी चरणों की तारीखों में भी बदलाव किया गया है, हालांकि प्रतियोगिताओं के स्थान वही रहेंगे।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 13वां चरण अब 14 अगस्त के बजाय 18 अगस्त को होगा। 14वां चरण 16 अगस्त के बजाय 25 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। वहीं 15वां चरण 29 अगस्त के बजाय दो सितंबर को होगा।

गौरतलब है कि भुवनेश्वर में 24 से 28 जून तक आयोजित 65वीं राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप एशियाई खेलों के लिए चयन का प्रमुख आधार थी।

इस बीच ग्लास्गो (स्कॉटलैंड) में 23 जुलाई से शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के तहत भारतीय खिलाड़ियों का एक समूह शनिवार को यूरोप के लिए रवाना हुआ। दूसरा दल अगले सप्ताह की शुरुआत में रवाना होगा।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द