ओस्लो, तीन जून (भाषा) मैग्नस कार्लसन पर दूसरी जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंदा ने कहा कि वह खिताब की दौड़ में मजबूती से बने रहने से बहुत खुश हैं क्योंकि नॉर्वे शतरंज में यहां ‘रेस्ट डे’ (आराम के दिन) के बाद निर्णायक अंतिम दो दौर खेले जाएंगे।
वह खिताब की दौड़ में बने हुए हैं और इस भारतीय ग्रैंडमास्टर ने कहा कि वह छह खिलाड़ियों के इस एलीट ग्रुप में खिताब के लिए लड़ने के इस मौके का आनंद ले रहे हैं।
अगला मुकाबला मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश के खिलाफ होगा जिनकी खिताब की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं।
प्रज्ञानानंदा 12 अंकों पर हैं और वह शीर्ष पर चल रहे वेस्ली सो (14) से महज दो अंक पीछे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यहां हर कोई मजबूत है, बात सिर्फ मैग्नस की नहीं है। यहां और भी कई मजबूत खिलाड़ी हैं। इसलिए, आपको हर किसी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत में मेरे कुछ पल अच्छे नहीं रहे, मैंने कुछ मौके गंवा दिए। ’’
वह ‘रेस्ट डे’ में अपने होटल में आराम कर रहे थे। आखिरकार उन्हें टूर्नामेंट में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी पर अपनी दोहरी जीत का आनंद लेने का समय मिला।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मेरे पास अब भी इसका (खिताब का) मौका है। मुझे इस दौड़ में शामिल होकर खुशी हो रही है। यहां से हर बाजी महत्वपूर्ण है। मुझे अभी भी अगले दो गेम में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। इसलिए, मैं उसी का इंतजार कर रहा हूं। ’’
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर