मडगांव, तीन जून (भाषा) पांच बार के चैंपियन भारत ने बुधवार को यहां दूसरे सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले में भूटान पर 1-0 की जीत के साथ सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में जगह पक्की कर ली।
भारत के लिए विजयी गोल 60वें मिनट में संफिदा नोंग्रुम ने दागा। टीम रविवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले फाइनल में मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश से भिड़ेगी।
दो ग्रुप मैच में 14 गोल करके नॉकआउट में जगह बनाने वाली मेजबान टीम से मैच पर हावी होने की उम्मीद थी लेकिन भूटान ने एक बार फिर मजबूत और अनुशासित प्रदर्शन किया।
फीफा रैंकिंग में भूटान से लगभग 100 स्थान ऊपर (69वें स्थान पर) काबिज भारत ने मैच के अधिकतर समय गेंद पर कब्जा बनाए रखा लेकिन गोलरहित रहे पहले हाफ में भूटान की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेजने में नाकाम रहा।
भारतीय टीम ने करिश्मा, सौम्या गुगुलोथ और अवेका सिंह के जरिए गोल करने के कुछ मौके बनाए लेकिन खराब फिनिशिंग और भूटान की गोलकीपर की शानदार मुस्तैदी के चलते हाफ टाइम तक स्कोर गोल रहित बराबर रहा।
भारत ने आखिरकार दूसरे हाफ में मिडफील्डर संफिदा के गोल से बढ़त बनाई जो निर्णायक साबित हुई।
इससे पूर्व पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश ने नेपाल को 2-1 से हराकर लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई।
बांग्लादेश ने 2022 और 2024 में पिछले दो टूर्नामेंट का खिताब जीता है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता