पायबस ने अफगानिस्तान में टी20 के विकास के लिये बेहतर विकेटों, अच्छे स्ट्राइक रेट की मांग की

Ads

पायबस ने अफगानिस्तान में टी20 के विकास के लिये बेहतर विकेटों, अच्छे स्ट्राइक रेट की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 01:13 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 01:13 PM IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) अफगानिस्तान के मुख्य कोच रिचर्ड पायबस ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में सात विकेट से हार के बाद स्वीकार किया कि उनकी टीम को स्ट्राइक रेट बेहतर रखना हागा और सीमित ओवरों के क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के लिये अफगानिस्तान में अच्छी पिचों की जरूरत है ।

अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ सात विकेट पर 164 रन बनाये जिसे भारतीय टीम ने 15 . 2 ओवर में हासिल करके श्रृंखला में 2 . 0 की अजेय बढत बना ली ।

पायबस ने कहा ,‘‘ हमें अच्छे विकेटों की जरूरत है । हमें टेस्ट मैच के लिये तेज तर्रार विकेट की जरूरत नहीं है । अच्छी विकेट जरूरी है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मैं बोर्ड को सुझाव दूंगा कि एक जैसी पिचें बनाने के लिये अंतरराष्ट्रीय क्यूरेटर की नियुक्ति करे ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि सीमित ओवरों के क्रिकेट के लिये खास तरह की विकेट रहे । हमें अभ्यास का स्तर बेहतर करने के लिये अच्छी विकेटों की जरूरत है ।’’

पायबस ने कहा कि अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को भी आक्रामक प्रदर्शन करना होगा, खासकर पावरप्ले में ।

उन्होंने कहा ,‘‘ अगर टी20 क्रिकेट में हमें बेहतर टीम बनना है तो स्ट्राइक रेट में सुधार करना होगा । हम बहुत ज्यादा डॉट गेंद छोड़ते हैं और स्ट्राइक रेट भी अच्छा नहीं है । भारत का स्ट्राइक रेट दस से ऊपर था । उन्होंने पूरा आईपीएल खेला है और उन्हें पता है कि इन विकेटों पर कैसे खेलना है । हमारे पास अफगानिस्तान में अच्छी विकेट नहीं है ।’’

भाषा मोना पंत

पंत