राहुल और पडिक्कल के शतक से कर्नाटक के दो विकेट पर 355 रन

Ads

राहुल और पडिक्कल के शतक से कर्नाटक के दो विकेट पर 355 रन

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 07:13 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 07:13 PM IST

लखनऊ, 15 फरवरी (भाषा) सीनियर सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (141) और कप्तान देवदत्त पडिक्कल (नाबाद 148) के बड़े शतक से कर्नाटक ने रविवार को यहां उत्तराखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन दो विकेट पर 355 रन बनाकर बड़े स्कोर की ओर कदम बढ़ाए।

उत्तराखंड के कप्तान कुणाल चंदेला ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद कर्नाटक के दो अनुभवी बल्लेबाजों ने विरोधी गेंदबाजों को काफी परेशान किया।

क्वार्टर फाइनल में मुंबई पर कर्नाटक की जीत में शानदार शतक जड़ने वाले भारत के टेस्ट और एकदिवसीय विशेषज्ञ राहुल ने एक और शानदार पारी खेली। उन्होंने 211 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और पांच छक्के की मदद से अपना 25वां प्रथम श्रेणी शतक जड़ा।

एकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले दिन का खेल खत्म होने पर पडिक्कल 236 गेंद पर 148 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और दो छक्के लगाए हैं।

आठ बार के रणजी चैंपियन कर्नाटक के लिए दूसरे छोर पर करुण नायर 37 रन बनाकर पडिक्कल का साथ निभा रहे हैं।

राहुल और पडिक्कल ने दूसरे विकैट के लिए ने 278 रन जोड़कर कर्नाटक को मजबूत मंच दिया।

कर्नाटक ने इससे पहले सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (05) का विकेट जल्दी खो दिया जिन्होंने आदित्य रावत की गेंद पर प्रशांत चोपड़ा को कैच थमाया।

हालांकि इसके बाद राहुल और पडिक्कल छाए रहे और दिन के खेल के दौरान अधिकतर समय उत्तराखंड के गेंदबाजों पर दबदबा बनाए रखा।

अपने ससुर और बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी की मौजूदगी में राहुल ने एक और शानदार पारी खेली। उन्होंने अवनीश सुधा की गेंद पर एक रन के साथ शतक पूरा किया।

लंच तक कर्नाटक का स्कोर एक विकेट पर 133 रन था जिसे टीम ने चाय तक एक विकेट पर 263 रन किया। पडिक्कल ने कर्नाटक के बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर जे सुचित की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया।

रावत ने आखिरी सत्र की अपनी पहली ही गेंद पर राहुल का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर इस साझेदारी को तोड़ा।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द