यूक्रेनी ड्रोन हमले से रूस के काला सागर स्थित बंदरगाह पर लगी आग

Ads

यूक्रेनी ड्रोन हमले से रूस के काला सागर स्थित बंदरगाह पर लगी आग

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 08:24 PM IST

कीव, 15 फरवरी (एपी) यूक्रेन के ड्रोन हमले से रूस के काला सागर स्थित बंदरगाहों में से एक में आग लग गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक यह घटना ऐसे समय में हुई है जब चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से अमेरिका की मध्यस्थता में यूक्रेन और रूस के बीच बातचीत होने वाली है।

क्षेत्रीय गवर्नर वेनियामिन कोंड्राटयेव के अनुसार, क्रास्नोदार क्षेत्र के तमन बंदरगाह पर हुए हमले में दो लोग घायल हो गए, जिससे एक तेल भंडारण टैंक, गोदाम और टर्मिनल क्षतिग्रस्त हो गए।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि रूसी ड्रोन से गिरे मलबे ने यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र में नागरिक और परिवहन संबंधी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया है।

अधिकारियों ने बताया कि इससे बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हुई है।

यूक्रेन द्वारा रूसी ऊर्जा स्थलों पर किए जा रहे लंबी दूरी के ड्रोन हमलों का उद्देश्य मॉस्को को तेल निर्यात से होने वाली उस आय से वंचित करना है जिसकी उसे अपने पूर्ण पैमाने पर आक्रमण को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यकता है।

रूस यूक्रेन के बिजली ग्रिड को पंगु बनाना चाहता है, ताकि नागरिकों को गर्मी, रोशनी और पीने के पानी तक पहुंच से वंचित किया जा सके। कीव के अधिकारियों का कहना है कि यह ‘सर्दियों को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने’ का एक प्रयास है।

ये हमले मंगलवार और बुधवार को जिनेवा में रूस और यूक्रेन के दूतों के बीच अमेरिका की मध्यस्थता से होने वाली वार्ता के एक और दौर से पहले हुए हैं।

एपी रवि कांत रवि कांत देवेंद्र

देवेंद्र