कोलंबो, 15 फरवरी (भाषा) भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार को यहां टी20 विश्व कप मैच के टॉस के दौरान अपने पाकिस्तानी समकक्ष सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया और और पिछले साल दुबई में एशिया कप के बाद से चली आ रही नीति पर कायम रहे।
कोलंबो में खेल शुरू होने से एक घंटे पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया था, ‘‘हाथ नहीं मिलाने की नीति जारी रहेगी।’’
मैच खत्म होने के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों और सहायक स्टाफ के बीच भी हाथ नहीं मिलाया जाएगा। सूर्यकुमार ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए यह नीति अपनाई है।
यह बात तब साफ हो गई थी जब सूर्यकुमार और सलमान में से किसी ने भी हाथ मिलाने का वादा नहीं किया था जबकि पाकिस्तान के कप्तान ने कहा कि वह क्रिकेट की भावना को ‘बनाए रखना’ चाहेंगे।
अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले की कड़वी यादें अब भी भारतीय टीम के मन में ताजा हैं। दुबई में टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस में सूर्यकुमार के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से हाथ मिलाने के बाद भारी विरोध हुआ था।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द