गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने बृहस्पतिवार को असम विधानसभा चुनाव में अपने गृहनगर गुवाहाटी में मतदान किया।
यह क्रिकेटर मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र में टीम के असम क्रिकेट संघ स्टेडियम में होने वाले मुकाबालों के लिए यहां है। यह रॉयल्स का दूसरा ‘घरेलू मैदान’ है।
रियान के साथ उनके माता-पिता, पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर पराग दास और पूर्व राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तैराक मिठू बरूआ भी थे।
उन्होंने शहर के खारघुली इलाके में लाल सिंह अकादमी मतदान केंद्र पर अपना मत डाला जो न्यू गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
बाद में रियान ने फेसबुक पर अपने माता-पिता के साथ स्याही लगी अंगुलियों वाली एक तस्वीर शेयर की।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द