राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में आक्रामक होना होगा: संगकारा

राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में आक्रामक होना होगा: संगकारा

राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में आक्रामक होना होगा: संगकारा
Modified Date: May 24, 2026 / 10:37 pm IST
Published Date: May 24, 2026 10:37 pm IST

मुंबई, 24 मई (भाषा) राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को मुंबई इंडियंस पर 30 रन की जीत के साथ आईपीएल प्लेऑफ में अपनी आखिरी जगह पक्की कर ली, लेकिन मुख्य कोच कुमार संगकारा ने माना कि 27 मई को मुल्लांपुर में होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनकी टीम को कहीं ज्यादा आक्रामक रवैया अपनाना होगा।

राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस जीत के साथ आईपीएल प्लेऑफ में चौथी और आखिरी जगह पक्की कर ली।

संगकारा ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘बेशक हम चाहेंगे कि ज्यादातर रन (शुरुआती चार बल्लेबाजों द्वारा) ही बना लिए जाएं और हमें उस घबराहट से नहीं गुज़रना पड़े। लेकिन मुझे लगा कि यह एक असाधारण रूप से संघर्षपूर्ण मैच था। ’’

एलिमिनेटर मुकाबले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने जवाब दिया, ‘‘ उनकी अच्छी टीम हैं। वे अच्छी बल्लेबाजी करते हैं। उन्हें खुलकर खेलने पर खुद पर भरोसा है और उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में ऐसा ही किया है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पता है कि हमें किसका सामना करना है। हमें अपनी लाइन एवं लेंथ पर कायम रहना होगा। अनुशासित रहना होगा और यह समझना होगा कि वे ऐसी टीम नहीं हैं जिसे आप 120, 130 रन पर रोक सकें। लेकिन हमें अपनी लाइन एवं लेंथ के मामले में आक्रामक होना होगा। ’’

संगकारा ने कहा, ‘‘भले ही आप अच्छी लेंथ वाली गेंद फेंकने की कोशिश कर रहे हों, या धीमी गेंद, उसे पूरे इरादे के साथ फेंकना होगा। सनराइजर्स के खिलाफ मैच हमारे लिए एक कठिन मुकाबला होने वाला है। देखते हैं कि दो दिन बाद हम कैसा प्रदर्शन करते हैं। ’’

रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक ने बताया कि भारत के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा चोट से उबर रहे हैं और पूरी तरह फिट होने के लिए उन्हें कम से कम दो दिन के आराम की जरूरत है।

संगकारा ने कहा, ‘‘वह चोट से जूझ रहे हैं और हमें उनके मामले को काफी सावधानी से संभालना पड़ा है। जब वह मैदान पर उतरकर लंबे समय तक बल्लेबाजी करते हैं, तो इससे उन पर काफी दबाव और तनाव पड़ता है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए जब तक उन्हें शायद दो दिन का और आराम नहीं मिल जाता, तब तक हम उनका और भी बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने आज बल्लेबाजी की, और एक बार फिर असाधारण प्रदर्शन किया।’’

आलोचनाओं का सामना कर रहे रियान पराग की जमकर तारीफ़ करते हुए संगकारा ने कहा कि फ्रेंचाइजी उन्हें एक कप्तान के तौर पर लंबा मौका देने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मैंने बहुत कम ऐसे खिलाड़ी देखे हैं जिनकी इतनी आलोचना हुई हो, जितनी पिछले करीब सात सालों से रियान की हो रही है। जब से मैं इस फ्रेंचाइजी में आया हूं, तब से कुछ लोग ऐसे रहे हैं जो रियान को पसंद करते हैं, लेकिन बहुत से लोग ऐसे भी हैं जो उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं करते, खासकर सोशल मीडिया पर।

उन्होंने कहा, ‘‘ वह और बेहतर होंगे। वह और परिपक्व होंगे। वह खुद को और भी ज़्यादा समझेंगे। वह अपने खिलाड़ियों को समझना और भी ज्यादा सीखेंगे। लेकिन आज भी, अगर आप कप्तान के तौर पर उनके फैसलों को देखें, जिस आत्मविश्वास के साथ वह उन्हें लेते हैं तो उनमें बहुत सारी सकारात्मक बातें नजर आती हैं। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में