राशिद ने अफगानिस्तान के कोच के तौर पर ट्रॉट की भूमिका की प्रशंसा की
राशिद ने अफगानिस्तान के कोच के तौर पर ट्रॉट की भूमिका की प्रशंसा की
चेन्नई, 18 फरवरी (भाषा) अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट की प्रशंसा करते हुए कहा कि इंग्लैंड के इस पूर्व बल्लेबाज ने टीम को सही रास्ते पर लाने और देश के क्रिकेट के स्तर को ऊपर उठाने में अहम भूमिका निभाई है जिनका कार्यकाल टी20 विश्व कप तक ही है।
अफगानिस्तान अपने अभियान के आखिरी मैच में कनाडा का सामना करेगा जिससे ट्रॉट का कार्यकाल भी खत्म हो जाएगा।
कनाडा के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर राशिद ने कहा, ‘‘विश्व कप के ठीक बाद हमारी श्रीलंका के खिलाफ एक सीरीज है और फिर इंडियन प्रीमियर लीग है। कल जोनाथन ट्रॉट का हमारे साथ आखिरी मैच है। हमने उनके साथ कुछ जबरदस्त मैच खेले और टूर किए हैं। वह ऐसे इंसान हैं जिन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट को इस मुकाम तक पहुंचाया है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्होंने हर खिलाड़ी के साथ बहुत मेहनत की है। निश्चित रूप से सभी खिलाड़ियों को उनकी बहुत कमी खलेगी। उन्होंने इस टीम को सही रास्ते पर ले जाने में मुख्य भूमिका निभाई। ’’
राशिद ने कहा कि आगे उन्हें लगातार सुधार की जरूरत है उन्होंने कहा, ‘‘अब हमारे लिए कुछ भी आसान नहीं है। टीमें हमारे खिलाफ अलग-अलग योजना के साथ आएंगी। अब यह अहम है कि हम अपने कौशल कैसे अपग्रेड करते हैं और विरोधी टीम से एक कदम आगे रहते हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम मुश्किल और दबाव भरे हालात से गुजरे हैं, लेकिन हर किसी को सोचना होगा कि आप टीम के लिए कैसा प्रदर्शन करेंगे। ’’
राशिद ने दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 50 ओवर विश्व कप पर भी अपना ध्यान लगाने की बात करते हुए कहा कि अफगानिस्तान 2023 चरण में अपने मजबूत प्रदर्शन को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा 2023 विश्व कप बहुत अच्छा रहा, लेकिन हम उन चीजों को सुधारने की उम्मीद करते हैं जो हमने अच्छी तरह से नहीं कीं और हर दिन बेहतर करते रहेंगे।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


