भारत की जीत से पहले आउट होने का मलाल: शेफाली

भारत की जीत से पहले आउट होने का मलाल: शेफाली

भारत की जीत से पहले आउट होने का मलाल: शेफाली
Modified Date: June 25, 2026 / 10:47 pm IST
Published Date: June 25, 2026 10:47 pm IST

मैनचेस्टर, 25 जून (भाषा) महिला टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ 34 गेंदों पर 53 रन की मैच विजयी पारी खेलने वाली भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा कि अपनी बल्लेबाजी से वह काफी खुश हैं, लेकिन नाबाद लौटतीं तो यह खुशी और भी ज्यादा होती।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुनी गईं शेफाली ने मैच के बाद कहा, “आज जिस तरह मैंने बल्लेबाजी की, उससे मैं बहुत खुश हूं। लेकिन अगर मैं नाबाद रहती तो मुझे और ज्यादा खुशी होती। आज अच्छा आत्मविश्वास महसूस हुआ और खुशी है कि मैं टीम के लिए रन बना सकी।’’

भारत को 136 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में तेज शुरुआत दिलाने वाली शेफाली ने कहा कि टीम की रणनीति बेहद सरल थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने सिर्फ अपनी बल्लेबाजी पर भरोसा किया। जो भी ढीली गेंद मिले, उस पर चौका या छक्का लगाने की कोशिश करनी थी। अगर ऐसा मौका नहीं मिला तो एक रन लेकर स्ट्राइक रोटेट करनी थी। यह कोई अलग योजना नहीं थी, बस सामान्य बातचीत थी।’’

अपनी बल्लेबाजी में सुधार और शॉट चयन को लेकर शेफाली ने कहा कि वह केवल सही गेंद का इंतजार करने पर ध्यान दे रही हैं।

उन्होंने कहा,, ‘‘मैं सिर्फ सही गेंद चुनने की कोशिश करती हूं। जो गेंद मेरी पहुंच में होती है, उस पर शॉट खेलती हूं, नहीं तो रन दौड़ने की कोशिश करती हूं।’’

पिछले कुछ मैचों में भारतीय टीम के लिए नई गेंद से गेंदबाजी करते हुए नजर आने वाली शेफाली ने कहा कि वह टीम की जरूरत के अनुसार हर भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “मैं नेट सत्र में अभ्यास के दौरान नई और पुरानी दोनों गेंदों से गेंदबाजी का अभ्यास करती हूं। कई बार इस बात पर हंसी भी आती है, लेकिन अंत में टीम को जो जरूरत होती है, मैं उसके लिए तैयार रहती हूं।’’

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम ने लक्ष्य जल्दी हासिल कर लिया, लेकिन क्षेत्ररक्षण में हुई गलतियां चिंता का विषय हैं और अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘यह अच्छी जीत रही। हमारा प्रयास लक्ष्य को जल्दी हासिल करने का था और हमने दो-तीन ओवर पहले ही मैच समाप्त कर लिया, जो सकारात्मक बात है।’’

उन्होंने खराब क्षेत्ररक्षण के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘ हमने क्षेत्ररक्षण पर काफी मेहनत की है, लेकिन आज भी कुछ कैच छूट गए। उम्मीद है कि अगले मैच में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। जिन खिलाड़ियों से कैच छूटे, वे हमारी बेहतरीन क्षेत्ररक्षकों में शामिल हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसा हो जाता है।’’

भारत का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से है, जो सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस चुनौती पर हरमनप्रीत ने कहा कि टीम पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया हमारी सबसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी टीमों में से एक है। ऐसे टूर्नामेंट में जब हर मुकाबला करो या मरो जैसा हो, तब आपको अपना सर्वश्रेष्ठ देना पड़ता है।’’

भाषा आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में