स्विंग गेंदबाजी की लय फिर हासिल करने के लिये अपने ही पुरानी वीडियो देख रही हूं : रेणुका
स्विंग गेंदबाजी की लय फिर हासिल करने के लिये अपने ही पुरानी वीडियो देख रही हूं : रेणुका
(देवार्चित वर्मा)
मुंबई, 14 मई (भाषा) भारत की अनुभवी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के कठिन दौरे के बाद स्विंग गेंदबाजी की लय फिर हासिल करने के लिये अपने ही पुराने वीडियो देख रही है ।
दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में 4 . 1 से हराया ।
रेणुका ने 12 जून से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप से पहले पीटीआई को दिये इंटरव्यू में कहा ,‘‘ मैं रोज अभ्यास करती हूं लेकिन हर बार गेंद को स्विंग नहीं मिलता । दक्षिण अफ्रीका में गेंदबाजी को लेकर काफी संघर्ष करती रही । लेकिन अब मेरे पास अपनी स्विंग वापिस पाने के लिये 10 . 15 दिन का समय है ।’’
टूर्नामेंट का प्रसारण और लाइवस्ट्रीम जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोटर्स नेटवर्क पर किया जायेगा ।
रेणुका ने कहा ,‘‘ जब आप अच्छा प्रदर्शन नहीं करते तो कुछ भी आपके लिये काम नहीं करता । मैं कुछ समय से गेंद स्विंग नहीं करा पा रही थी और उसे वापिस पाने की कोशिश थी । मैं अपने पुराने वीडियो देख रही हूं कि पहले मैं क्या करती थी और उम्मीद है कि लय वापिस पा लूंगी ।’’
भारतीय टीम 10 से 16 मई तक बेंगलुरू में उत्कृष्टता केंद्र में अभ्यास शिविर में थी और जल्दी ही द्विपक्षीय श्रृंखला और टी20 विश्व कप के लिये इंग्लैंड जायेगी ।
भारतीय टीम टी20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 श्रृंखला खेलेगी । इसके अलावा लॉडर्स पर एक टेस्ट भी खेला जायेगा ।
रेणुका ने कहा ,‘‘ हम फिटनेस से लेकर कौशल तक हर पहलू पर काम कर रहे हैं । हमें पता है कि इसके बाद समय नहीं मिलेगा तो हर पहलू को समान महत्व दिया जा रहा है । पूरी तैयारी के साथ दौरे पर जाना अच्छा है ।’’
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


