रिकेल्टन और डीकॉक के अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीका के छह विकेट पर 187 रन

Ads

रिकेल्टन और डीकॉक के अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीका के छह विकेट पर 187 रन

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 12:59 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 12:59 PM IST

अहमदाबाद, 11 फरवरी (भाषा) रयान रिकेल्टन और क्विंटन डीकॉक के अर्धशतकों और इन दोनों के बीच शतकीय साझेदारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के मैच में बुधवार को यहां छह विकेट पर 187 रन बनाए।

रिकेल्टन ने 28 गेंद पर 61 रन की तूफानी पारी खेली जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल हैं। क्विंटन डीकॉक ने 41 गेंद पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। कप्तान एडन मार्क्रम (05) के जल्दी आउट होने के बाद इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी की।

रिकेल्टन और डीकॉक के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 23, डेविड मिलर ने नाबाद 20 और मार्को यानसन ने 16 रन का योगदार दिया।

अफगानिस्तान की तरफ से अजमतुल्लाह उमरजई सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 41 रन देकर तीन और कप्तान राशिद खान ने 28 रन देकर दो विकेट लिए। फजलहक फारुकी ने 32 रन देकर एक विकेट लिया।

दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मार्क्रम का विकेट जल्दी गंवा दिया जिन्हें फारुकी ने एक बेहतरीन चेंज-अप गेंद से चकमा दिया। गेंद बल्लेबाज के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर हवा में उछल गई और मोहम्मद नबी ने मिड-ऑफ पर आसान कैच लपक लिया।

डीकॉक ने चौथे ओवर में मुजीब उर रहमान की गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया और फिर अगली ही गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट में चौका जड़ा। रिकेल्टन ने भी उमरजई पर दो चौके लगाए। दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में एक विकेट पर 43 रन बनाए।

इसके बाद डीकॉक और रिकेल्टन दोनों ने तेजी दिखाई तथा नबी और राशिद की स्पिन जोड़ी पर कुछ मनचाहे चौके और छक्के बटोरे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेलने वाले स्पिनर नूर अहमद ने अपने पहले ओवर में 23 रन लुटा दिए।

जहां डीकॉक ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर अहमद का स्वागत किया, वहीं रिकेल्टन ने उनकी गेंद को मिडविकेट के ऊपर से स्वीप किया और कवर पर दो चौके लगाए। इससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 10 ओवर के बाद एक विकेट पर 98 रन पर पहुंच गया।

डीकॉक ने मुजीब की गेंद पर मिडविकेट पर चौका लगाकर टी20 विश्व कप में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया और फिर रिकेल्टन ने इसी गेंदबाज पर छक्का लगाकर केवल 23 गेंदों में अर्धशतक बनाया।

राशिद ने हालांकि इन दोनों बल्लेबाजों को 13वें ओवर में तीन गेंद के अंदर पवेलियन भेज दिया।

राशिद ने सबसे पहले डीकॉक को आउट किया, जिन्हें डीप मिडविकेट पर इब्राहिम जादरान ने कैच किया। इसके तुरंत बाद उन्होंने रिकेल्टन को पगबाधा आउट किया।

ब्रेविस अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए जबकि ट्रिस्टन स्टब्स केवल एक रन ही बना सके। मिलर और यानसन ने दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

भाषा

पंत

पंत