रुतुजा ने लाइन से जुड़े फैसले खिलाफ जाने पर निराशा जताई

Ads

रुतुजा ने लाइन से जुड़े फैसले खिलाफ जाने पर निराशा जताई

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 10:26 PM IST

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) भारत की रुतुजा भोसले ने बुधवार को बिली जीन किंग कप एशिया-ओशियाना ग्रुप एक मुकाबलों में दो दिन में ‘अहम’ मौकों पर लाइन से जुड़े फैसलों पर निराशा जाहिर की क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे लय बिगड़ी।

अंकिता रैना के साथ मिलकर थाईलैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ युगल मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाली रुतुजा ने कहा कि महत्वपूर्ण मौकों पर अंपायरिंग ने चीजों को मुश्किल बना दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रुतुजा ने कहा, ‘‘महत्वपूर्ण मौकों पर ऐसे फैसले होना निश्चित रूप से निराशाजनक है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कभी-कभी हमें लगता है कि गेंद अंदर थी या बाहर थी और उन फैसलों से लय बदल सकती है। मैं इसे लेकर आक्रामक हो जाती हूं। आज भी युगल में कुछ ऐसे पल थे जब फैसले काफी गलत थे। अगर मुकाबला करीबी होता तो आप समझते हैं।’’

रुतुजा ने माना कि टीम के माहौल को देखते हुए उन्हें अपनी प्रतिक्रिया पर नियंत्रण रखना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘‘एक सामान्य मैच में मैं शायद अधिक आक्रामक हो सकती थी। लेकिन यहां आपको टीम के बारे में भी सोचना होता है। आखिर में वे फैसला नहीं बदलने वाले इसलिए आपको बस आगे बढ़ना होता है।’’

कप्तान विशाल उप्पल ने माना कि थाईलैंड के खिलाफ किस्मत ने भारत का साथ नहीं दिया लेकिन इसे 1-2 से हार का बहाना बनाने से इनकार कर दिया।

थाईलैंड के खिलाफ भारत की 1-2 से हार के बाद उप्पल ने कहा, ‘‘कोई बात नहीं। यह खेल का हिस्सा है। जाहिर है कि खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। फैसले आपके पक्ष में जाते हैं, फैसले आपके पक्ष में नहीं जाते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बदकिस्मती से कल वे हमारे पक्ष में नहीं गए। लेकिन यही वजह नहीं है कि हम दो मैच हार गए।’’

थाईलैंड से निराशाजनक हार के कुछ ही घंटों बाद भारत ने न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया और कप्तान उप्पल ने कहा कि टीम के पास मजबूत जवाब देने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।

भाषा सुधीर

सुधीर