रुतुराज की बल्लेबाजी की फॉर्म से उनकी कप्तानी में भी मदद मिल रही है: फ्लेमिंग

रुतुराज की बल्लेबाजी की फॉर्म से उनकी कप्तानी में भी मदद मिल रही है: फ्लेमिंग

रुतुराज की बल्लेबाजी की फॉर्म से उनकी कप्तानी में भी मदद मिल रही है: फ्लेमिंग
Modified Date: May 3, 2026 / 11:53 am IST
Published Date: May 3, 2026 11:53 am IST

चेन्नई, तीन मई (भाषा) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि रुतुराज गायकवाड़ ने निर्णय लेने में काफी निरंतरता दिखाई है और इसका काफी श्रेय बल्लेबाज के रूप में उनकी शानदार फॉर्म को दिया जा सकता है।

आईपीएल के शुरू में खराब प्रदर्शन करने वाले गायकवाड़ ने पिछले दो मैचों में क्रमशः नाबाद 74 रन और नाबाद 67 रन बनाए। इससे सीएसके अपने पिछले पांच मैचों में से तीन में जीत दर्ज करके अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया है।

फ्लेमिंग ने शनिवार को मुंबई इंडियंस पर सीएसके की आठ विकेट से जीत के बाद कहा, ‘‘वह हर मैच में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। इसकी शुरुआत थोड़ी धीमी रही थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उसने शानदार प्रदर्शन किया है।’’

पिछले 18 सत्र से सीएसके के कोच रहे फ्लेमिंग का यह भी मानना ​​है कि गायकवाड़ के बल्लेबाजी में अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें कप्तान के रूप में आत्मविश्वास भी मिला।

फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘कप्तानी में सफलता के लिए बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन काफी महत्वपूर्ण होता है। पिछले दो मैचों में उसने शानदार फॉर्म दिखाई है। मुझे लगता है कि यह उसके अच्छे फैसलों का नतीजा है। इसलिए इन दोनों जिम्मेदारियों को निभाना और अगर आप किसी एक में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हो तो दोनों के प्रति सकारात्मक रवैया रखना बहुत ज़रूरी है।’’

उन्होंने स्वीकार किया कि गायकवाड़ बल्लेबाज के तौर पर दबाव में थे क्योंकि वह अपने पहले सात मैचों में 30 रन का आंकड़ा पार करने में भी असफल रहे थे।

फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘वह (गायकवाड़) काफी दबाव में था। बल्लेबाजी को लेकर उस पर काफी दबाव था तथा इससे उसकी कप्तानी पर भी सवाल उठने लग गए थे।’’

फ्लेमिंग इस बात से भी खुश थे कि वह कार्तिक शर्मा को सही समय पर भेजकर इम्पैक्ट प्लेयर का अच्छा उपयोग कर सके। सीएसके से 14 करोड़ रुपये से अधिक की कीमत पर जुड़ने वाले इस युवा खिलाड़ी ने 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद अर्धशतक लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘‘वह एक बेहतरीन खिलाड़ी है और नीलामी में उसकी कीमत काफी अधिक थी। दूसरे लोग भी यही मानते हैं। उसने आज अपने कौशल और जज्बे का अच्छा नमूना पेश किया और उम्मीद है कि वह आगे भी अच्छा प्रदर्शन करना जारी रखेगा।’’

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में