रायबाकिना ने सबालेंका से नंबर एक स्थान के बाद अमेरिकी ओपन का ताज भी छीना
रायबाकिना ने सबालेंका से नंबर एक स्थान के बाद अमेरिकी ओपन का ताज भी छीना
न्यूयॉर्क, 13 सितंबर (एपी) एलेना रायबाकिना ने सेमीफाइनल में पहुंचकर एरिना सबालेंका से विश्व रैंकिंग में नंबर एक स्थान छीना लेकिन वह यहीं पर नहीं रुकी और उन्होंने पिछली दो बार की चैंपियन को फाइनल में तीन सेट में हराकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब भी अपने नाम कर दिया।
रायबाकिना को जिस टूर्नामेंट में लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा था आखिर में उसी में उन्होंने अपने करियर की सबसे बड़ी सफलता हासिल की।
रायबाकिना ने शनिवार को सबालेंका को 6-4, 5-7, 6-2 से हराकर अमेरिकी ओपन में अपना पहला खिताब जीता।
इस तरह से उन्होंने सबालेंका की खिताबी हैट्रिक पूरी करने की उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। महिला एकल में आखिरी बार सेरेना विलियम्स (2012 से 2014) यह कारनामा कर पाई थी।
रायबाकिना ने कहा, ‘‘जो कुछ हुआ उसे समझना अब भी बहुत मुश्किल है। पिछले कुछ सप्ताह में मैंने बहुत सारी उपलब्धियां हासिल की।’’
यह रायबाकिना का तीसरा और इस साल का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इस साल दोनों ही खिताब उन्होंने सबालेंका के खिलाफ हार्ड कोर्ट पर जीते। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के खिताबी मुकाबले में सबालेंका को हराकर सत्र की शुरुआत की थी।
रूस में जन्मीं लेकिन कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने वाली 27 वर्षीय रायबाकिना ने 2022 में विंबलडन में अपना पहला बड़ा खिताब जीता और अब उन्हें करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने के लिए केवल फ्रेंच ओपन जीतने की जरूरत है।
रायबाकिना ने अमेरिकी ओपन में बेलारूस की सबालेंका का 19 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला भी तोड़ दिया। सबालेंका यहां 2023 के फाइनल में कोको गॉफ से पराजित होने के बाद से नहीं हारी थीं।
इस जीत से रायबाकिना ने 55 लाख डॉलर की कमाई की, जो ग्रैंड स्लैम इतिहास का सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने इस सत्र में तीन खिताब जीतकर सबालेंका और फ्रेंच ओपन विजेता मीरा एंड्रीवा की भी बराबरी की।
सबालेंका को 28 लाख डॉलर मिले, लेकिन यह स्पष्ट था कि यह रकम उनके लिए खास मायने नहीं रखती। वह हार से बेहद निराश थी और उन्होंने मैच की समाप्ति पर नेट पर रायबाकिना से के साथ गले मिलने के बाद अपना रैकेट तोड़ दिया।
रायबाकिना ने अपनी तीखी सर्विस के अलावा दमदार रिटर्न से सबालेंका पर लगातार दबाव बनाए रखा। उन्हें ब्रेक प्वाइंट हासिल करने के 12 मौके मिले और उनमें से तीन को भुनाया, जो जीत हासिल करने के लिए पर्याप्त थे।
अमेरिकी ओपन में 2000 के बाद यह तीसरा अवसर था जबकि पहले और दूसरे नंबर की खिलाड़ी फाइनल खेल रही थी। लेकिन यह पहला अवसर था जबकि दूसरे नंबर की खिलाड़ी ने जीत हासिल की। अन्य दो मुकाबलों में सेरेना शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी थीं। उन्होंने 2002 में अपनी बहन वीनस और 2013 में विक्टोरिया अजारेंका को हराया था।
इस बार आंकड़ों का कोई खास महत्व नहीं था, क्योंकि सोमवार को स्थिति पलट जाएगी। सबालेंका लगातार 99 सप्ताह से शीर्ष स्थान पर काबिज थीं, लेकिन रायबाकिना ने सेमीफाइनल में पहुंचकर अपने नाम पर शीर्ष स्थान सुनिश्चित कर दिया था।
सबालेंका ने मैच के बाद रायबाकिना की तीखी सर्विस की सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘उसकी सर्विस कमाल की है। वह कोर्ट पर आकर आपको पीछे छोड़ देती है। विशेषकर तब जबकि वह अमेरिकी ओपन का कोर्ट हो जहां गेंद बहुत तेज से आती हैं। यह उसके लिए निश्चित रूप से एक बड़ा फायदा है। कई चीजें उसे खतरनाक बनाती हैं।’’
तीसरे सेट के पहले गेम में ब्रेक प्वाइंट पर बैकहैंड शॉट बाहर जाने के बाद रायबाकिना ने थोड़ी निराशा जरूर दिखाई, लेकिन जल्द ही उन्होंने मैच पर पूरी तरह से नियंत्रण कर लिया। इसके बाद उन्होंने सबालेंका को कोई मौका नहीं दिया।
एपी
पंत
पंत

Facebook


