इंडियन वेल्स, 14 मार्च (एपी) दो बार उपविजेता रह चुकीं एरिना सबालेंका ने लिंडा नोस्कोवा को 6-3, 6-4 से हराकर चार साल में तीसरी बार इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के फाइनल में प्रवेश किया।
बेलारूस की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सबालेंका ने शुक्रवार रात बीएनपी पारिबास ओपन में नोस्कोवा को एक घंटे 28 मिनट में हराया।
रविवार को फाइनल में उनका मुकाबला कजाकिस्तान की तीसरे नंबर की खिलाड़ी एलेना रयबाकिना से होगा। रयबाकिना ने दूसरे सेमीफाइनल में यूक्रेन की नौवें नंबर की खिलाड़ी एलिना स्वितोलिना को 7-5, 6-4 से हराया।
सबालेंका को 2026 में एकमात्र हार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में रयबाकिना से मिली थी। सबालेंका निश्चित रूप से उस हार का बदला लेने के साथ इंडियन वेल्स के फाइनल में अपने 0-2 के रिकॉर्ड में सुधार करना चाहेगी।
सबालेंका ने कहा, ‘‘मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि मैं रविवार को पूरी तरह से तैयार रहूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेलूंगी और यह सुनिश्चित करने की कोशिश करुंगी कि इस साल मेरा दबदबा रहे।’’
सबालेंका ने शुक्रवार को जीत हासिल करके 2026 में अपना रिकॉर्ड 12-1 कर लिया। उन्होंने लगातार छठी बार किसी डब्ल्यूटीए टूर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले सेमीफाइनल में पहुंचने से पहले उन्हें आखिरी हार पिछले साल अगस्त में सिनसिनाटी ओपन के क्वार्टरफाइनल में रयबाकिना से ही मिली थी।
एपी
पंत
पंत