लखनऊ, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को कहा कि राज्य में अब तक गन्ना किसानों को 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है और मौजूदा पेराई सत्र में भी गन्ना मूल्य का 94 प्रतिशत से अधिक भुगतान किया जा चुका है।
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रदेश में अब तक रिकॉर्ड 3.25 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य सीधे किसानों के खातों में भेजा गया है। मौजूदा पेराई सत्र में भी 94 प्रतिशत से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान पूरा हो चुका है, जबकि प्रदेश की 99 चीनी मिलों ने गन्ना मूल्य का 100 प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कर दिया है।
बयान के अनुसार, इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश के गन्ना किसानों की औसत आय में प्रति हेक्टेयर 40,720 रुपये की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
गन्ना विकास विभाग के मुताबिक, पेराई क्षमता को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए चार नई चीनी मिलों की स्थापना की गई है। इसके अलावा बंद हुई सात चीनी मिलों को फिर से शुरू किया गया है और 44 चीनी मिलों की पेराई क्षमता का विस्तार किया गया है।
भाषा
सलीम रवि कांत