साइ ने युवाओं के लिए 2030 राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़ी तीन पहल की घोषणा की

Ads

साइ ने युवाओं के लिए 2030 राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़ी तीन पहल की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 04:13 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 04:13 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने अहमदाबाद में होने वाले 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए लय बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को युवाओं के लिए रील बनाने के मुकाबले सहित देश भर में तीन पहल शुरू करने की घोषणा की।

अभियान के हिस्से के तौर पर प्रतिभागी राष्ट्रमंडल खेल 2030 मशाल डिजाइन मुकाबले, राष्ट्रमंडल खेल रील चैलेंज और राष्ट्रमंडल खेल 2030 क्विज में हिस्सा ले सकते हैं।

ये पहल सभी ‘माईभारत’ यूजर्स के लिए खुली हैं और खेलों के बारे में जागरुकता और रोमांच बढ़ाने की कोशिश का हिस्सा हैं।

‘मशाल डिजाइन कॉन्टेस्ट’ देश के नागरिकों को ‘भारत की संस्कृति, विरासत, इनोवेशन, सस्टेनेबिलिटी और खेल के क्षेत्र में असाधारण घटना’ से प्रेरित होकर मशाल डिजाइन करने के लिए आमंत्रित करता है।

प्रविष्टि डिजिटल या हाथ से बनाए गए प्रारूप में 200 शब्दों तक के वैकल्पिक ‘कॉन्सेप्ट नोट’ के साथ जमा की जा सकती है। यह मुकाबला सोमवार को शुरू हुआ और 20 मई को खत्म होगा।

‘राष्ट्रमंडल रील चैलेंज’ में प्रतिभागियों को ‘भारत की बदलती खेल संस्कृति, स्थानीय खेल बुनियादी ढांचे और फिटनेस को दिखाने वाली मौलिक रील’ बनानी होगी। रील का समय 60 सेकेंड से अधिक नहीं होना चाहिए। सात मई को शुरू हुआ यह चैलेंज 16 मई को खत्म होगा।

‘राष्ट्रमंडल खेल 2030 क्विज’ में 10 बहु विकल्प सवाल हैं जिन्हें पांच मिनट में पूरा करना है। क्वालीफाई करने के लिए प्रतिभागियों को कम से कम आठ अंक लाने होंगे। हर प्रतिभागी को सिर्फ एक बार कोशिश करने की इजाजत है।

क्विज नौ मई को शुर हुई और 26 सितंबर को खत्म होगी। हर हफ्ते शीर्ष पांच विजेताओं की घोषणा की जाएगी।

भाषा सुधीर पंत

पंत