सैन्यम का विश्व कप में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

सैन्यम का विश्व कप में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

सैन्यम का विश्व कप में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
Modified Date: April 11, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: April 11, 2026 7:05 pm IST

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) भारतीय निशानेबाज सैन्यम ने आईएसएसफ विश्व कप के एक चरण में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्पेन के ग्रेनाडा में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में पांचवां स्थान हासिल किया।

जूनियर विश्व और एशियन चैंपियन रह चुकी सैन्यम ने फाइनल में 178.9 का स्कोर किया।

एशियाई खेलों की मौजूदा चैंपियन पलक भी फाइनल में पहुंचीं और सातवें स्थान पर रहीं। 24 शॉट के फाइनल में 14वें शॉट के बाद 137.9 के स्कोर के साथ वह प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

चीन की शेन यियाओ ने 244.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।

सैन्यम ने क्वालीफिकेशन दौर में 582 का स्कोर किया और 83 निशानेबाजों के बीच तीसरा स्थान हासिल किया जबकि पलक ने 577 के स्कोर के साथ शीर्ष आठ में जगह बनाते हुए सातवां स्थान हासिल किया।

पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल स्पर्धा में ओलंपियन विजयवीर सिद्धू ने भारतीयों में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। वह 576 के स्कोर के साथ 23वें स्थान पर रहे।

अन्य भारतीय निशानेबाजों में अंकुर गोयल 572 के स्कोर के साथ 29वें स्थान पर रहे जबकि नीरज कुमार 565 के स्कोर के साथ 40वें स्थान पर रहे।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में