साकेलारिडिस ने हार के कगार से वापसी करते हुए दिल्ली ओपन जीता
साकेलारिडिस ने हार के कगार से वापसी करते हुए दिल्ली ओपन जीता
नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) युवा खिलाड़ी स्टेफानोस साकेलारिडिस ने दिल्ली ओपन में रविवार को यहां पांचवीं वरीयता प्राप्त ब्रिटेन के ओलिवर क्रॉफर्ड को कड़े मुकाबले में हराकर एटीपी चैलेंजर सर्किट पर अपना पहला एकल खिताब जीत लिया।
साकेलारिडिस ने तीन घंटे नौ मिनट तक चले फाइनल में 7-5, 5-6, 7-6 से संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की।
पहले सेट में कुल पांच बार सर्विस ब्रेक देखने को मिले, जिसमें 21 साल के साकेलारिडिस ने बढ़त बनाते हुए सेट अपने नाम किया। यूनान के इस खिलाड़ी ने दूसरे सेट में भी लय बरकरार रखते हुए शुरुआती गेम में ब्रेक लेकर 2-0 की बढ़त हासिल की।
क्रॉफर्ड ने अनुभव का परिचय देते हुए दूसरे सेट में जोरदार वापसी कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
साकेलारिडिस ने निर्णायक सेट के पहले गेम में ब्रेक हासिल किया, लेकिन बढ़त को कायम नहीं रख सके। इसके बाद क्रॉफर्ड ने सात में से पांच गेम जीतकर 5-2 की बढ़त बना ली।
जब मैच हाथ से निकलता दिख रहा था तब साकेलारिडिस ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गेम जीतकर स्कोर 5-5 से बराबर कर दिया।
मुकाबला आखिरकार रोमांचक टाई-ब्रेक तक पहुंचा जहां साकेलारिडिस ने दूसरे मैच प्वाइंट पर 8-6 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
इस जीत के साथ साकेलारिडिस को 75 एटीपी रैंकिंग अंक और 17,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिली, जबकि उपविजेता क्रॉफर्ड को 44 अंक और 9,600 डॉलर प्राप्त हुए।
इस सफलता के बाद साकेलारिडिस की रैंकिंग करियर के सर्वश्रेष्ठ 230 के भीतर पहुंचने का अनुमान है, जबकि क्रॉफर्ड के सोमवार को एटीपी रैंकिंग में फिर से शीर्ष-200 में लौटने की उम्मीद है।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


