सात्विक-चिराग की जोड़ी ने जीता फ्रेंच ओपन पुरूष युगल खिताब

Ads

सात्विक-चिराग की जोड़ी ने जीता फ्रेंच ओपन पुरूष युगल खिताब

  •  
  • Publish Date - October 31, 2022 / 03:08 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:57 PM IST

पेरिस, 31 अक्टूबर (भाषा) भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी ने फ्रेंच ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट का पुरूष युगल खिताब अपनी झोली में डाला।

भारतीय जोड़ी ने रविवार रात फाइनल में लु चिंग याओ और यांग पो हान की चीनी ताइपे की जोड़ी को सीधे गेम में पराजित किया।

भारतीय जोड़ी 2019 चरण में उप विजेता रही थी। दुनिया की आठवें नंबर की इस जोड़ी ने लु और यांग की 25वीं रैंकिंग की जोड़ी को 48 मिनट में 21-13 21-19 से हराया।

भारतीय जोड़ी का इस साल स्वप्निल प्रदर्शन जारी है जिसमें उन्होंने इंडियन ओपन सुपर 500 खिताब, राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक, थॉमस कप खिताब और अगस्त में विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता।

इस जोड़ी का यह विश्व टूर पर तीसरा खिताब है। उन्होंने 2019 थाईलैंड ओपन सुपर 500 और इस साल इंडियन ओपन सुपर 500 ट्राफी जीती है।

इस तरह यह जोड़ी सुपर 750 टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी भी बन गयी है।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर