टी20 मुंबई महिला लीग के लिए सयाली, साइमा और हुमैरा को ‘आइकन प्लेयर’ चुना गया
टी20 मुंबई महिला लीग के लिए सयाली, साइमा और हुमैरा को ‘आइकन प्लेयर’ चुना गया
मुंबई, एक मई (भाषा) मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने शुक्रवार को सयाली सतघरे, साइमा ठाकुर और हुमैरा काजी को पहली टी20 मुंबई महिला लीग के लिए ‘आइकन प्लेयर’ घोषित किया।
सयाली ‘सोबो मुंबई फाल्कन्स’ का प्रतिनिधित्व करेंगी जबकि साइमा और हुमैरा क्रमशः ‘ठाणे स्काई राइजर्स’ और ‘आकाश टाइगर्स’ के लिए खेलेंगी।
सयाली और साइमा दोनों ही भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और इस लीग में अपना अंतरराष्ट्रीय अनुभव लेकर आएंगी। वहीं हुमैरा घरेलू क्रिकेट और ‘भारत ए’ टीम में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी हैं।
एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, ‘‘आइकन खिलाड़ियों का चयन पहली टी20 मुंबई महिला लीग के लिए एक मजबूत नींव रखता है। इस लीग की परिकल्पना एक ऐसे दीर्घकालिक मंच के रूप में की गई है जो प्रतिभाओं को निखारेगा, घरेलू क्रिकेट के ढांचे को मजबूत करेगा और भारत में महिला क्रिकेट के विकास में सार्थक योगदान देगा। ’’
इस बीच टी20 मुंबई लीग और टी20 मुंबई महिला लीग दोनों के लिए खिलाड़ियों की नीलामी शनिवार को आयोजित की जाएगी।
अंतिम छंटनी से पहले कुल 2,411 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है जिनमें 2,048 पुरुष और 363 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
महिला लीग की टीम में 16 से 18 खिलाड़ी जबकि पुरुषों की टीमों में 18 से 20 खिलाड़ी शामिल होंगे।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


